डेली संवाद, जालंधर
शहर में अवैध रूप से बन रहे मार्केट को आखिरकार नगर निगम की टीम ने गिरा दिया। आज सुबह निगम टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी दुकानें गिरा दी। बताया जा रहा है कि राजनीति की शह पर 15 दुकानें बनाई जा रही थी। जिसकी लोगों ने शिकायत भी की थी। इसी शिकायत पर ये कार्रवाई की गई।
नगर निगम के एटीपी राजिंदर शर्मा ने बताया कि दिलकुशा मार्किट से सटे प्लाजा होटल की पार्किग वाली जमीन पर 15 दुकानें बनाई गई थी, जिसका लैंटर भी डाला जा चुका था अब इस मार्किट की ऊपरी मंजिल पर काम शुरु हो गया था। आज बिल्डिंग इंस्पैक्टर दिनेश जोशी के साथ निगम टीम ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की।
इस मौके पर नगर निगम टीम का भारी विरोध भी हुआ। लेकिन निगम टीम ने पुलिस की मौजूदगी में दुकानों पर डिच चला दी। इस दौरान सभी दुकानों को गिराया गया। एटीपी राजिंदर शर्मा ने बताया कि इलाके के लोगों की शिकायत पर कार्रवाई हुई है।









