Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम: जालंधर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि, आंधी और बारिश का अलर्ट

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

डेली संवाद, पंजाब/चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब के कई जिलों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। जालंधर, अमृतसर, फाजिल्का और पठानकोट समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज हवाओं और बादलों के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए बारिश, आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।

रविवार को जालंधर (Jalandhar) शहर में करीब 10 सेकंड तक ओले गिरे, जबकि गोरायां क्षेत्र में लगभग 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ में भी करीब पांच मिनट तक ओले गिरने की सूचना है। फाजिल्का जिले में भी बारिश के दौरान ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं पठानकोट के कई इलाकों में रात करीब 10 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Punjab Weather Update
Punjab Weather Update

तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी

बिजली गुल होने के कारण पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। कई स्थानों पर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

मौसम विभाग ने दोपहर डेढ़ बजे तक खमाणों, लुधियाना ईस्ट, चमकौर साहिब, समराला, रूपनगर, लुधियाना वेस्ट, फिल्लौर, बलाचौर, नवांशहर, आनंदपुर साहिब और गढ़शंकर के कुछ इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, खरड़, शाहकोट, रायकोट, जगराओं, नकोदर, फगवाड़ा, जालंधर, कपूरथला, नंगल, होशियारपुर, भुलत्थ, दसूहा और मुकेरियां के कुछ क्षेत्रों में भी तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट

बीते 24 घंटों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में लगभग 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जबकि चंडीगढ़ शहर में न्यूनतम तापमान करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो अमृतसर में सबसे ज्यादा 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अबोहर और संगरूर में 4 मिमी, फिरोजपुर में 2.5 मिमी, पटियाला में 2 मिमी और श्री आनंदपुर साहिब में 1.5 मिमी बारिश हुई। वहीं लुधियाना में 1.2 मिमी, पठानकोट में 1 मिमी, बठिंडा में 0.5 मिमी तथा फरीदकोट और चंडीगढ़ में 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार 17, 18 और 21 मार्च को भी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

तापमान में आई गिरावट का असर बिजली की मांग पर भी पड़ा है। कुछ दिन पहले जहां राज्य में बिजली की मांग करीब 12 हजार मेगावाट तक पहुंच गई थी, वहीं सोमवार सुबह यह घटकर लगभग 6200 मेगावाट के आसपास दर्ज की गई।



















Leave a Comment