डेली संवाद, नई दिल्ली। GST Bogus Billing Scam News: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक बड़े GST फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 128 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर 250 से अधिक शैल कंपनियों के जरिए फर्जी इनवॉइस बनाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और नकद लेन-देन की हेराफेरी कर रहे थे। इनके तार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में फैले हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम पर जीएसटी (GST) इनवॉइस जारी करते थे, जिससे बिना वास्तविक व्यापार के ही भारी मात्रा में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ उठाया जा रहा था। इस फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

GST Raid

रैकेट के बारे में अहम सुराग

दिल्ली पुलिस की EOW टीम को तकनीकी सर्विलांस और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के दौरान इस रैकेट के बारे में अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी डिजिटल माध्यमों और नकद लेन-देन दोनों का उपयोग करके पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर दरियागंज इलाके में छापेमारी की।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

दिल्ली पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी मास्टरमाइंड राजकुमार दीक्षित (43), गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी विभाष मित्रा (34), मथुरा निवासी अमर (35), दिल्ली निवासी नितिन वर्मा (43), मो. वसीम (30) व आबिद (35) को भी दबोचा गया है। एक अन्य मुख्य आरोपी दिलीप कुमार फरार है।

GST Bogus Billing Scam

पुलिस ने मारा छापा

छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। इसमें करीब 51.12 लाख रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 कार और कई फर्जी कंपनियों से जुड़े इनवॉइस और दस्तावेज शामिल हैं। इन दस्तावेजों की जांच से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी विभिन्न शैल कंपनियों के नाम पर फर्जी बिलिंग कर रहे थे और इस पूरे सिस्टम के जरिए टैक्स चोरी को अंजाम दिया जा रहा था।

ऐसे होता था खेल

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फर्जी कंपनियां बनाकर बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के नकली बिल तैयार करते थे। फिर बैंकिंग चैनलों के जरिए लेनदेन को वैध दिखाया जाता था। इन फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये का कारोबार दर्शाकर जीएसटी रिटर्न दाखिल किए जाते और आईटीसी के नाम पर सरकारी खजाने से रकम हासिल कर ली जाती थी।

जीएसटी बिलों में हेराफेरी कर सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड नौवीं कक्षा तक पढ़ा राजकुमार दीक्षित अब तक 250 से अधिक शेल कंपनियां रजिस्टर्ड करा चुका है। फिलहाल एक कंपनी की जांच में ही करोड़ों के घोटाले का खुलासा हुआ है।

कई राज्यों से जुड़े तार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से जुड़े हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास कराया गया, जिसे आगे कैश में बदलकर आपस में बांटा जाता था।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले को गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए आगे की जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य सहयोगियों और फर्जी कंपनियों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

हो सकता है बड़ा खुलासा

पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस GST फ्रॉड रैकेट से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। आर्थिक अपराध शाखा ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संगठित वित्तीय अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share.

Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com

Exit mobile version