डेली संवाद, नई दिल्ली/कोटा। Rajdhani Express Coach Fire Near Kota: राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई। यह हादसा रविवार सुबह करीब 5.15 बजे कोटा मंडल के लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट (मध्य प्रदेश) स्टेशन के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (Rajdhani Express) रतलाम से रवाना होने के कुछ समय बाद हादसे का शिकार हो गई। सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन के बी-1 कोच में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सतर्क किया और ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।
यात्रियों में भय का माहौल
आग लगते ही यात्रियों में भय का माहौल बन गया। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य कोचों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग की चपेट में आने से दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
यह क्षेत्र रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत आता है। घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रतलाम कंट्रोल को सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
राहत कार्यों का जायजा
घटना के बाद रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन को मौके के लिए रवाना किया गया। रतलाम मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। जिला प्रशासन और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
