डेली संवाद, नई दिल्ली। PM Narendra Modi Netherlands Visit LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) इन दिनों नीदरलैंड (Netherlands) के दौरे पर हैं। राजधानी The Hague में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने दुनिया के मौजूदा हालात पर चिंता जताई और भारत की तेजी से बढ़ती वैश्विक भूमिका को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी मानवता कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है और यह दशक आपदाओं का दशक बनता जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि दुनिया पहले कोरोना महामारी, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट जैसी समस्याओं से जूझ रही है। अगर हालात नहीं बदले तो बीते कई दशकों में हुए विकास कार्यों पर पानी फिर सकता है और दुनिया की बड़ी आबादी दोबारा गरीबी के दलदल में फंस सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में देशों को मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
भारत बड़े सपने देख रहा
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देख रहा है और देश के युवा नई तकनीकों के जरिए दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवा अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में देश को आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से बदल रहा है और तकनीक तथा डिजिटल क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन गया है। देश के स्टार्टअप एआई, रक्षा, अंतरिक्ष और नई तकनीकों के क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत ने हाल ही में एक बड़ा एआई सम्मेलन आयोजित किया, जबकि इससे पहले जी-20 सम्मेलन की सफल मेजबानी कर दुनिया में अपनी क्षमता दिखाई।
भारत और नीदरलैंड के रिश्ते मजबूत
अपने संबोधन में पीएम मोदी (Narendra Modi) ने भारत और नीदरलैंड के रिश्तों को भी मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबार के लिए यूरोप में प्रवेश का नैचुरल गेटवे नीदरलैंड बन सकता है। इस साझेदारी में भारतीय प्रवासी समुदाय दोनों देशों के बीच भरोसेमंद पुल की भूमिका निभा सकता है।
प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड की पहचान ट्यूलिप फूलों से जोड़ते हुए कहा कि दुनिया भर से लोग यहां के खूबसूरत ट्यूलिप देखने आते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में भी जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन मौजूद हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह नीदरलैंड ट्यूलिप के लिए जाना जाता है, उसी तरह भारत कमल के लिए पहचाना जाता है।
ट्यूलिप और कमल के बारे में
उन्होंने कहा कि ट्यूलिप और कमल दोनों यह संदेश देते हैं कि सही पोषण और सहयोग मिलने पर सुंदरता के साथ मजबूती भी आती है। यही भारत और नीदरलैंड की साझेदारी का आधार है। उन्होंने दोनों देशों के बीच खेलों में बढ़ते सहयोग का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि क्रिकेट के क्षेत्र में भारतीय समुदाय का नीदरलैंड में अहम योगदान रहा है और दोनों देश खेलों में मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के स्वागत में डच कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने राग दुर्गा पर आधारित “साधो रामा अनुपम बानी” प्रस्तुत किया। समारोह में तानपुरा, बांसुरी, वायलिन और तबले की मधुर धुनों ने भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को दर्शाया।










