डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: मोहाली (Mohali) के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आयुर्वेदिक क्लीनिक संचालिका ने जिस युवक पर दया दिखाकर उसे नौकरी दी, उसी ने घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

आरोपी ने महिला के सिर पर बेलन से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी घर से करीब 3 लाख 10 हजार रुपए नकद, 12 तोले सोना और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घायल महिला की पहचान 50 वर्षीय शबनम के रूप में हुई है, जो मोहाली के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी की रहने वाली हैं।

Hospital

मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया

उन्हें गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर में करीब 65 से 70 टांके लगे हैं, जबकि शरीर पर कुल 9 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद घर से भागता दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

पुलिस (Police) ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। खरड़ सिटी थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ हैरी निवासी अररिया, बिहार के रूप में की है, जिसे 5 दिन पहले ही काम पर रखा गया था।। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 309(6) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ढाबे पर हुई थी मुलाकात

घायल महिला के पति डॉ. साबिर ने बताया कि उनका “शबनम आयुर्वेदा” नाम से निज्जर लाइट पॉइंट के पास आयुर्वेदिक इंस्टीट्यूट है। इसके अलावा सेक्टर-34 में उनका एक एजुकेशनल इंस्टीट्यूट भी है, जहां एमबीबीएस दाखिलों से संबंधित काउंसलिंग की जाती है। उनका देहरादून में भी ऑफिस है। डॉ. साबिर के मुताबिक, उनकी पत्नी 7 मई को अपनी कार से देहरादून जा रही थीं।

रास्ते में नाहन के पास एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकीं। वहीं उनकी मुलाकात हीरा लाल से हुई। युवक ने खुद को अनाथ बताते हुए कहा कि कोरोना काल में उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। उसने यह भी बताया कि वह ढाबे पर काम करता है, लेकिन वहां उसे पूरा वेतन नहीं मिलता और 15-15 घंटे तक काम कराया जाता है। उसकी कहानी सुनकर शबनम को उस पर दया आ गई। उन्होंने युवक को अपना मोबाइल नंबर दे दिया और कहा कि यदि वह मोहाली आना चाहे तो उनके यहां काम मिल सकता है।

Attack on Mohali Clinic Owner and Robbed By Servant

मोहाली आने के लिए भेजे थे पैसे

डॉ. साबिर ने बताया कि 8 मई को उनकी पत्नी देहरादून से वापस लौट आई थीं। अगले दिन 9 मई को हीरा लाल का फोन आया। उसने कहा कि ढाबा मालिक उसे पैसे नहीं दे रहा और वह मोहाली आना चाहता है। इस पर उनकी पत्नी ने ऑनलाइन उसके खाते में एक हजार रुपए भेज दिए। इसके बाद आरोपी सेक्टर-34 स्थित उनके ऑफिस पहुंचा, जहां से उसे घर ले जाया गया। परिवार ने उसे घरेलू कामकाज के लिए रख लिया।

12 मई को शबनम का जन्मदिन था और इस मौके पर सेक्टर-34 स्थित ऑफिस में एक छोटी पार्टी रखी गई थी। पार्टी में पंजाब पुलिस में तैनात परिवार का एक परिचित भी आया था। इसी दौरान आरोपी की पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर चर्चा हुई। आरोपी ने कहा कि उसका आधार कार्ड ले लिया जाए और पुलिस वेरिफिकेशन आसानी से हो जाएगी। इसके बाद परिवार ने उसके आधार कार्ड की कॉपी भी रख ली थी।

कैश और जेवर से भरा बैग लेकर घर से बाहर जाते हुए आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद।

जिम जाने के बाद दिया वारदात को अंजाम

डॉ. साबिर ने बताया कि 13 मई की सुबह वह रोज की तरह करीब साढ़े छह बजे जिम के लिए निकले थे। उस समय आरोपी ने ही दरवाजा खोला था। करीब 8:10 बजे जब वह वापस लौटे तो घर का माहौल असामान्य लगा। आरोपी घर में मौजूद नहीं था और बेडरूम अंदर से बंद था। कमरे के अंदर से पत्नी के रोने की आवाजें आ रही थीं। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा।

अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। शबनम बाथरूम में खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं और कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। डॉ. साबिर तुरंत पत्नी को मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। होश आने पर महिला ने बताया कि हीरा लाल ने रसोई से बेलन उठाकर उन पर हमला किया था। इसके बाद वह घर से नकदी, गहने और मोबाइल लेकर फरार हो गया।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

शरीर में 9 जगह आए गंभीर जख्म

डॉ. साबिर ने कहा कि जब पत्नी में होश में आई तो बताया कि नौकर हीरा लाल साहनी ने उन पर बेलन से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर में रखा कैश, सोने-चांदी के गहने व मोबाइल फोन लेकर भाग गया । मैक्स अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार महिला के सिर और शरीर पर कुल 9 चोटें आई हैं । फिलहाल वह विस्तृत बयान देने की स्थिति में नहीं थीं।

Share.

मानसी जायसवाल, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। वे लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 5 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने पंजाब के जालंधर के खालसा कालेज से एमए की डिग्री हासिल की है।

Exit mobile version