डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ (Chandigarh) के सेक्टर-26 स्थित क्लबों के बाहर हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल (Viral) हो रहा है। करीब 32 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ किन्नर एक युवती के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए गए।
कुछ इंस्टाग्राम पोस्ट में इसे शराब के नशे में लड़कियों के बीच हुई लड़ाई बताया गया, लेकिन मौके पर जांच करने पर मामला कुछ और निकला। जानकारी के मुताबिक यह घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। वायरल वीडियो में 5 से 6 किन्नर एक युवती से झगड़ते नजर आ रहे हैं। पहले बहस होती है और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती को सड़क पर गिराकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की जाती है।
युवक ने किन्नरों को रोकने की कोशिश की
चंडीगढ़ (Chandigarh) में इस दौरान वहां मौजूद कुछ युवक बीच-बचाव की कोशिश करते हैं, लेकिन माहौल तनावपूर्ण होने के कारण कोई खुलकर हस्तक्षेप नहीं कर पाता। वीडियो में एक युवक किन्नरों को रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है, लेकिन वह तुरंत पीछे हट जाता है। इसके बाद एक किन्नर युवती को कार के सहारे नीचे गिराकर लगातार लातें मारती नजर आती है। आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहते हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मौके पर पानी जमा होने के बावजूद झगड़ा चलता रहता है और सभी उसी पानी में गिरते-पड़ते दिखाई देते हैं। वीडियो में एक लड़की जोर-जोर से चिल्लाते हुए “छोड़ दो” कहती सुनाई देती है, लेकिन गुस्से में दिख रहे किन्नर किसी की बात नहीं सुनते। उनमें से एक शॉर्ट ड्रेस पहने किन्नर सबसे ज्यादा आक्रामक दिखाई देती है, जो लगातार युवती पर हमला करती रहती है। कुछ देर बाद मामला शांत होता है, लेकिन जब एक युवक किन्नर को पकड़ने की कोशिश करता है तो वह उस पर भी भड़क उठती है और धक्का-मुक्की करने लगती है।
झगड़ा क्यों हुआ?
मामले की सच्चाई जानने के लिए स्थानीय स्तर पर पड़ताल की गई। जिस स्थान पर वीडियो शूट हुआ बताया जा रहा है, वहां क्लब, जनरेटर और सड़क पर जमा पानी जैसी सभी चीजें वीडियो से मेल खाती मिलीं। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 2 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले विवाद क्लब के अंदर शुरू हुआ था, जो बाद में बाहर तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती का क्लब के अंदर दूसरी लड़की से झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर क्लब के बाउंसर ने उसे बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह पास स्थित दूसरे क्लब के बाहर पहुंची, जहां कुछ ट्रांसजेंडर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि युवती ने नशे की हालत में किन्नरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कानूनी कार्रवाई की जाएगी
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। क्लब के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद कई भ्रामक दावे भी किए गए, जिनमें इसे केवल लड़कियों के बीच की लड़ाई बताया गया।
इस मामले पर चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। सेक्टर-26 थाना प्रभारी राम रतन ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना कहां और किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
