डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ (Chandigarh) के सेक्टर-38 स्थित जंगल में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनीष कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था।

परिवार के अनुसार मनीष की जल्द शादी होने वाली थी और रविवार को ही परिवार लड़की देखने जाने वाला था। इससे पहले उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घर से शेव और बाल कटवाने की बात कहकर निकला

जानकारी के मुताबिक मनीष शनिवार दोपहर घर से शेव और बाल कटवाने की बात कहकर निकला था। वह अपने साथ करीब 7 से 8 हजार रुपए भी लेकर गया था। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसे लगातार फोन किए, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। पूरी रात परिवार और रिश्तेदार उसकी तलाश करते रहे, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

रविवार सुबह कुछ बच्चे पंजाब यूनिवर्सिटी से मौसम विभाग की ओर जाने वाली सड़क के पास जंगल में टॉयलेट के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक शव पर पड़ी। शव से बदबू आ रही थी, जिसे देखकर बच्चे घबरा गए और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

आज लड़की देखने जाना था

सूचना मिलते ही पुलिस (Police) टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

मृतक के पिता राजेश कश्यप ने बताया कि मनीष सोलन और शिमला में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। उन्होंने ही उसे घर बुलाया था क्योंकि रविवार को लड़की देखने जाना था। घर से निकलते समय मनीष ने अपनी भाभी से कड़ी-चावल बनाने के लिए भी कहा था। परिवार का कहना है कि उसके पास मौजूद पैसे भी गायब हैं, जिससे लूट और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Share.

मानसी जायसवाल, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। वे लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 5 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने पंजाब के जालंधर के खालसा कालेज से एमए की डिग्री हासिल की है।

Exit mobile version