डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना (Ludhiana) में गैंगस्टरों द्वारा कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला थाना सदर क्षेत्र का है, जहां एक फर्नीचर कारोबारी से गैंगस्टर के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
पंजाब (Punjab) के लुधियाना (Ludhiana) में गैंगस्टर ने फोन कर रंगदारी न देने पर कारोबारी के परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई, जिससे इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। गुरु नानक कॉलोनी के पास जीएनई कॉलेज निवासी जगजीत सिंह अपने भाई के साथ गिल नहर के समीप पिछले कई वर्षों से फर्नीचर का कारोबार कर रहे हैं।
विदेश से फोनकर मांगी रंगदारी
जानकारी के अनुसार पांच जनवरी को उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसे उन्होंने अनजान नंबर समझकर रिसीव नहीं किया। इसके बाद उसी नंबर से दो वॉइस मैसेज भेजे गए, जिनमें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
कुछ देर बाद उसी विदेशी नंबर से दोबारा कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल बताते हुए दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने कहा कि अगर इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई तो रंगदारी की रकम बढ़ाकर ढाई करोड़ रुपये कर दी जाएगी।

कारोबारी के बच्चों की गतिविधियों पर नजर
आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने कारोबारी के बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने का दावा करते हुए परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। उसने कहा कि उसे पूरी जानकारी है कि कारोबारी के बच्चे कहां आते-जाते हैं और किस स्कूल में पढ़ते हैं। इस धमकी के बाद कारोबारी और उसका परिवार बुरी तरह दहशत में आ गया।
यह भी पढ़ें: जालंधर में सुपर क्रीमिका स्वीट्स और Zomato को लीगल नोटिस जारी
डरे-सहमे जगजीत सिंह ने तुरंत पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने गैंगस्टर डोनी बल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए विदेशी नंबर की कॉल डिटेल और वॉइस मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है।

साइबर सेल की मदद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है और पीड़ित परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद लुधियाना के व्यापारिक वर्ग में भारी रोष और भय का माहौल है। कारोबारियों ने पुलिस प्रशासन से गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।










