डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर शहर के छोटी बारादरी इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब दिनदहाड़े कार सवार अज्ञात युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि हमलावर एक कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने जालंधर (Jalandhar) में छोटी बारादरी के पास गाड़ी रोककर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग दहशत में आ गए और कई लोग तुरंत अपने घरों और दुकानों के अंदर छिप गए।
पुलिस मौके पर पहुंची
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान या किसी के घायल होने की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और नाकेबंदी कर दी ताकि हमलावरों को भागने का मौका न मिल सके।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। छोटी बारादरी और आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की मदद से आरोपियों की गाड़ी और उनके रूट का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, इस फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है कि यह घटना केवल दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई हवाई फायरिंग थी या फिर किसी आपसी रंजिश और गैंगवार का हिस्सा है, जिसमें किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाया गया हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।










