पटना। राजधानी पटना में मंगलवार सुबह किदवईपुरी इलाके में एक कारोबारी ने पत्नी और दो बच्चों को गोली मार दी और फिर खुद गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली लगने से पत्नी, बेटी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटे की हालत गंभीर है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि किदवईपुरी में मृतक की शिनाख्त कारोबारी निशांत शर्राफ (37) के तौर पर हुई। पुलिस की शुरुआती पड़ताल के मुताबिक, निशांत ने पत्नी अल्का शर्राफ (35), नौ साल की बेटी अन्या और बेटे ईशांत के सिर में गोली मारी। इसके बाद खुद को कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। निशांत की गिनती पटना के बड़े कारोबारी में होती थी। खेतान मार्केट में उनकी कपड़े की दुकान है।
निशांत के साथ उसके दो भाइयों का परिवार भी रहता है। परिजनों ने बताया कि निशांत सोमवार रात अपनी दुकान से लौटा और परिवार ने साथ बैठकर डिनर किया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरे में चले गए। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब निशांत के कमरे से कोई नहीं निकला और आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई तो दूसरी चाबी से दरवाजा खोला गया।
परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि बिस्तर पर खून बिखरा है और निशांत, अल्का और बेटी अन्या का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। वहीं, बेटा ईशांत तड़प रहा था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
वहीं, आईजी सुनील कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कथित तौर पर कारोबारी द्वारा लिखा एक नोट मिला है। इसमें पत्नी और दो बच्चों को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारने की बात लिखी है। निशांत ने नोट में घटना का कारण नहीं लिखा, लेकिन खुद को इसका जिम्मेवार बताया है।
एक हफ्ते पहले लौटा था परिवार
पुलिस ने बताया कि एक हफ्ते पहले पूरा परिवार गर्मी की छुट्टी मनाकर लौटा था। ऐसे में कारोबारी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पूछताछ में पुलिस को परिवार में जमीन को लेकर विवाद की जानकारी हुई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घर में चार बार गोली चली और किसी को इसकी आवाज सुनाई नहीं दी। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच रही है।
हिन्दी न्यूज़ Updates पाने के लिए आप हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।









