नई दिल्ली। तेजस एक्सप्रेस ट्रेन को निजी हाथों में सौंपने के बाद अब सरकार 150 ट्रेनों और 50 रेलवे स्टेशनों को ‘समयबद्ध तरीके से’ निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी कर रही है। इसका ब्लूप्रिंट तैयार करने के लिए एक कार्यबल गठित की जाएगी। नीति आयोग के मुख्य कार्याधिकारी अमिताभ कांत द्वारा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी. के. यादव को लिखे गए एक पत्र में कहा गया है, ‘प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए’ एक अधिकार प्राप्त समूह गठित किया जाएगा।
यादव और कांत के साथ आर्थिक मामले विभाग और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव भी अधिकार प्राप्त समूह का हिस्सा होंगे। कांत ने कहा कि रेलवे को 400 स्टेशनों को विश्व स्तर के रेलवे स्टेशनों में तब्दील करने की जरूरत थी, लेकिन अब तक इनमें से कुछ ही उन्नत हो पाए हैं।
एयरपोर्ट की तर्ज पर प्लानिंग
उन्होंने कहा, ‘मैंने रेल मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की, जिसमें यह निर्णय हुआ कि कम से कम 50 स्टेशनों के लिए मामले को प्राथमिकता के साथ देखने की जरूरत है। छह हवाईअड्डों के निजीकरण में हालिया अनुभव पर विचार करते हुए कार्य को समयबद्ध तरीके से अंजाम देने के लिए सचिवों के अधिकार प्राप्त समूह के गठन के लिए समान प्रक्रिया।’
कांत ने कहा, ‘जैसा कि आप पहले से ही अवगत हैं कि रेल मंत्रालय ने यात्री ट्रेनों के संचालन के लिए निजी ट्रेन ऑपरेटरों को लाने का भी निर्णय किया है और पहले चरण में 150 ट्रेनों के लिए संबंधित कवायद पर विचार किया जा रहा है।’ उन्होंने यह भी कहा कि इंजिनियरिंग रेलवे बोर्ड सदस्य और यातायात रेलवे बोर्ड सदस्य भी अधिकार प्राप्त समूह में शामिल किए जाने चाहिए।
WhatsApp पर न्यूज़ Updates पाने के लिए हमारे नंबर 8847567663 को अपने Mobile में Save करके इस नंबर पर Missed Call करें। हमें फेसबुक और गूगल प्लस पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।











