
डेली संवाद, बलिया/लखनऊ
उत्तर प्रदेश के बलिया के दुर्जनपुर गांव में जिला प्रशासन की मौजूदगी में ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। इसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई है। कई थाने की फोर्स मौके पर मौजूद थी। मृतक के बेटे ने कहा कि सीओ, इंस्पेक्टर और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दबंगों ने पिता को गोली मारी है। उनका कहना है कि पुलिस खड़े होकर देखती रही। गोली दुर्जनपुर में कोटे की दुकान के लिए आयोजित खुली बैठक में चली।
बलिया के इस मामले का तत्काल ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए घटनास्थल पर मौजूद एसडीएम, सीओ सहित सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एसडीएम सुरेश कुमार पाल, सीओ चंद्रकेश सिंह के साथ ही घटना के दौरान मौजूद रहे सभी आठ पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच डीएम श्रीहरि प्रताप शाही करेंगे। मुख्यमंत्री ने आरोपितों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।
बलिया गोली कांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह को यूपी एसटीएफ ने रविवार को लखनऊ के जनेश्नर पार्क के पास गिरफ्तार कर लिया है। धीरेंद्र पर कोटा आवंटन के दौरान गोली चलाने का आरोप है। पुलिस की 12 से भी ज्यादा टीमें उसे खोजने में जुटी थीं। वहीं पुलिस ने शनिवार को तीन और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं आरोपी धीरेंद्र के पक्ष में बयान देने पर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह को लखनऊ तलब कर लिया गया है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह उनसे सवाल जवाब कर सकते हैं।
आरोपियों पर 75-75 हजार का इनाम
दुर्जनपुर कांड के फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने इनाम की घोषणा की गई थी। तीन दिनों के अंदर पुलिस पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार को हुई घटना के बाद रेवती पुलिस ने मृतक जयप्रकाश के भाई चन्द्रमा पाल की तहरीर पर आठ नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुक्रवार देर रात डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद्र दुबे ने फरार आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये तथा एसपी देवेन्द्र नाथ ने 25-25 हजार रुपये इनाम की घोषणा किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में नाम सामने आने पर तीन और आरोपितों को पकड़ा गया।
बलिया हत्याकांड की पूरी वीडियो हुई वायरल, देखें कैसे भीड़ में अचानक चली गोली (नोट- गाली का प्रयोग है, कृपया इसे हेडफोन लगाकर ही देखें)
https://www.youtube.com/watch?v=eY8so04KY74








