डेली संवाद, जालंधर
भाजपा पंजाब के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज जालंधर स्थित भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों और पदाधकारियों के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 जनवरी को फिरोजपुर में होने वाली रैली को लेकर तमाम जानकारी दी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब ही नहीं भाजपा ने पूरे देश के लिए लक्ष्य बनाया है। भाजपा एक निश्चित लक्ष्य को लेकर राजनीति के क्षेत्र में काम कर रही है। भारत को समृद्धि, शक्तिशाली और संपन्न बनाने का लक्ष्य है, जिसको हम सामान्य बोलचाल की भाषा में ‘एक नया भारत बनाएंगे’ कहते हैं।
समाज के हर तबके को साथ लेकर चलती है BJP
शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से समाज के हर तबके को साथ लेकर चलती है। भारतीय जनता पार्टी की कार्य पद्धति के मुताबिक हम समाज के हर तबके के लोगों के साथ जुड़कर प्रकोष्ठ गठित करते हैं। भाजपा ने पंजाब में 21 अलग-अलग प्रकोष्ठों की रचना की है। आज उन सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की है।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि लगभग सभी प्रकोष्ठों की जिलों तक की टीमें बनी है। कई प्रकोष्ठों की रचना विधानसभा और मंडल स्तर पर हो चुकी है। पंजाब के लिए भाजपा ने जो लक्ष्य तय किया है, इन्हीं प्रकोष्ठों की मदद से पूरा करेंगे। इससे न केवल भाजपा का ग्राफ बढ़ा है, बल्कि इससे भाजपा की शक्ति कई गुना बढ़ी है।
पंजाब में एक नए इतिहास का सृजन होने वाला है
शेखावत ने कहा कि आज पंजाब की 21 प्रकोष्ठों के साथ मीटिंग करने के बाद मैं बड़े ही गर्व से कहा सकता हूं कि पंजाब में एक नए इतिहास का सृजन होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी को फिरोजपुर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेटेलाइट हॉस्पिटल के शिलान्यास के साथ ही विकास से जुड़ी अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।
शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में एक ऐसी रैली का आयोजन करने जा रही है, जो आज तक पंजाब के लोकतांत्रिक इतिहास में नहीं हुई होगी। पंजाब में सुल्तानपुर से लेकर सरदूलगढ़ तक और अबोहर से लेकर मानसा तक सभी में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि साढ़े 3 हजार से ज्यादा बसों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त हजारों की संख्या में छोटी गाड़ियां इसमें लगी हैं। ऐसा अनुमान है कि प्रधानमंत्री मोदी की इस रैली में 2 लाख से ज्यादा लोग रहेंगे, इस दिन भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अपने चुनाव का आगाज करेगी।












