ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 18 October 2026

Amit Shah Punjab Visit: अमित शाह फिर आ रहे हैं पंजाब, मानसा में झोटा और गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से करेंगे मुलाकात

Amit Shah Punjab Visit: अमित शाह फिर आ रहे हैं पंजाब, मानसा में झोटा और गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से करेंगे मुलाकात

डेली संवाद, जालंधर। Amit Shah Punjab Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर आएंगे। भाजपा नेता रवनीत बिट्टू ने इसकी जानकारी दी है। पिछले 20 दिनों में अमित शाह का यह दूसरा पंजाब दौरा होगा। इस दौरान वह नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले दो लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिनकी कथित तौर पर नशे के कारोबार का विरोध करने के कारण हत्या कर दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक, अमित शाह (Anit Shah) सबसे पहले मानसा जाएंगे, जहां वह एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलेंगे। इसके बाद वह गुरदासपुर जिले में जाएंगे और वहां विक्रमजीत सिंह के परिवार के साथ मुलाकात करेंगे। पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की हत्याओं के बाद यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक रूप से अहम माना जा रहा है।

नशे का विरोध करने पर परविंदर सिंह झोटा की हत्या

मानसा में 13 अक्टूबर को एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, नशे का विरोध करने को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक पर हत्या करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था और परिवार की मांगों को लेकर भी मामला चर्चा में रहा।

विक्रमजीत सिंह की भी गोली मारकर हत्या

झोटा हत्याकांड के दो दिन बाद, 15 अक्टूबर की रात को गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर साहिब क्षेत्र के माड़ी पन्नवां गांव में विक्रमजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

बताया गया कि वह गांव में ड्रग्स बेचने का विरोध कर रहे थे। लगातार हुई इन घटनाओं ने पंजाब में नशे के कारोबार और उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

30 सितंबर को जालंधर आए थे अमित शाह

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर पहुंचे थे। यहां उन्होंने भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन समारोह में हिस्सा लिया और नशे के खिलाफ आयोजित रैली को संबोधित किया था।

इस दौरान अमित शाह ने दावा किया था कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद 31 दिसंबर 2029 तक राज्य को नशामुक्त कर दिया जाएगा। अब 20 अक्टूबर को उनके दोबारा पंजाब आने से नशे के मुद्दे पर भाजपा की राजनीतिक सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई, नशा तस्करी पर रोक और इसके विरोध में आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा का मुद्दा लगातार चर्चा में है।