Friday, 09 October 2026
दिल्ली
Delhi CJP Protest: दिल्ली आने वाली कई ट्रेने रद्द, 57 मेट्रो स्टेशन बंद, चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए 26 हजार जवान, जाने वजह
डेली संवाद, नई दिल्ली। Delhi CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
संभावित भीड़ को देखते हुए 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने तथा कई ट्रेनों को रद्द करने जैसे कदम उठाए गए हैं। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दिल्ली पुलिस की जॉइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद के अनुसार, CJP ने 7 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन की सूचना दी थी। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत नियोजित प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी है। तय प्रक्रिया का पालन नहीं होने के कारण प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
पुलिस ने बताया कि जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों में भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। निषेधाज्ञा लागू होने के कारण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का अनुरोध किया है।

इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी कम करने की भी बात कही गई है। यात्रियों को सफर से पहले मेट्रो की ताजा एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेनें रद्द
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन के चलते नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। रेलवे ने यात्रियों को अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने के बाद ही स्टेशन पहुंचने की सलाह दी है।
26 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में 26 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी की गई है। इनमें बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों के जवान शामिल हैं। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की स्थिति के लिए डिटेंशन सेंटर भी तैयार किए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। प्रदर्शन के कारण दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।