ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 11 October 2026

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ केकॉन्सर्ट की बदली तारीख, 1 नवंबर की जगह अब इस तारीख को होगा शो

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ केकॉन्सर्ट की बदली तारीख, 1 नवंबर की जगह अब इस तारीख को होगा शो

डेली संवाद, जालंधर। Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। दिलजीत के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदल दी गई है। पहले यह शो 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे 30 अक्टूबर 2026 को करने का फैसला लिया गया है।

दिलजीत ने सोशल मीडिया के जरिए कॉन्सर्ट की नई तारीख की जानकारी साझा की। कॉन्सर्ट की तारीख बदलने की अपील पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने की थी। काउंसिल ने 1 नवंबर की तारीख से जुड़ी 1984 के सिख-विरोधी दंगों की ऐतिहासिक संवेदनशीलता का हवाला देते हुए दिलजीत और उनकी टीम से शो की तारीख बदलने का अनुरोध किया था।

पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने दिलजीत को लिखा था पत्र

पंजाबी प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट की तारीख बदलने की अपील की थी। काउंसिल का कहना था कि 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय के लिए गहरे दर्द और ऐतिहासिक त्रासदी की यादों से जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

पत्र में बताया गया कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में सिख-विरोधी हिंसा भड़की थी। इस हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी और प्रभावित परिवार आज भी उस त्रासदी की यादें अपने साथ लेकर जी रहे हैं।

काउंसिल ने कहा- कलाकार का विरोध करना मकसद नहीं

पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने अपने पत्र में दिलजीत दोसांझ की सराहना भी की। काउंसिल के मुताबिक, दिलजीत पंजाबी संगीत और संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले प्रमुख कलाकारों में शामिल हैं।

काउंसिल ने स्पष्ट किया कि तारीख बदलने की अपील का उद्देश्य दिलजीत या उनके कॉन्सर्ट का विरोध करना नहीं था। इसका मकसद सिख-विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों और समुदाय की भावनाओं का सम्मान करना था।

अब 30 अक्टूबर को दिल्ली में होगा दिलजीत का शो

तारीख में बदलाव के बाद दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ दिल्ली कॉन्सर्ट अब 30 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाना है। पहले शो की तारीख 1 नवंबर तय थी।

दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर उनके प्रशंसकों में उत्साह बना हुआ है। तारीख बदलने का फैसला ऐतिहासिक संवेदनशीलता और समुदाय की भावनाओं के सम्मान के संदर्भ में सामने आया है।