ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 17 October 2026

Visa Fraud: पति ने जमा-पूंजी खर्च कर पत्नी को भेजा कनाडा, पहुंचते ही पति और बच्चों से तोड़ा संपर्क; केस दर्ज

Visa Fraud:  पति ने जमा-पूंजी खर्च कर पत्नी को भेजा कनाडा, पहुंचते ही पति और बच्चों से तोड़ा संपर्क; केस दर्ज

डेली संवाद, होशियारपुर। Visa Fraud: पंजाब के होशियारपुर में शादी के करीब 16 साल बाद एक महिला पर अपने पति और दो बच्चों को छोड़ने तथा कनाडा भेजने के नाम पर 29 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। थाना बुल्लोवाल पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद महिला गुरप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को भारत वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।शिकायतकर्ता इंदरजीत सिंह निवासी गांव गगनोली, थाना बुल्लोवाल ने आरोप लगाया कि उसने अपनी पत्नी के बेहतर भविष्य के लिए विदेश में पढ़ाई और कनाडा जाने पर अपनी तथा परिवार की जमा-पूंजी खर्च की।

2010 में हुई थी शादी, 11 साल दुबई में किया काम

लेकिन कनाडा पहुंचने के कुछ समय बाद पत्नी ने कथित तौर पर परिवार से संपर्क तोड़ दिया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, इंदरजीत सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह की शादी वर्ष 2010 में गुरप्रीत कौर निवासी मरूला, थाना चब्बेवाल के साथ हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने और भविष्य संवारने के लिए इंदरजीत दुबई चला गया।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने दुबई में लगातार 11 साल काम करके पैसे कमाए। बाद में वह भारत लौट आया। इसके बाद पत्नी ने विदेश जाने की इच्छा जताई और भरोसा दिलाया कि कनाडा पहुंचने के बाद वह अपने पति और दोनों बच्चों को भी वहां बुला लेगी।

Woman from Hoshiarpur who arrived in Canada after married abandoned her husband and Children.jpg

पत्नी की पढ़ाई और कनाडा भेजने पर खर्च किए ₹29 लाख

इंदरजीत सिंह के अनुसार, पत्नी के वादे पर भरोसा करते हुए उसने उसे संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाया। उसकी तीन साल की डिग्री पर करीब 3 लाख रुपये खर्च किए गए।

इसके बाद गुरप्रीत कौर ने IELTS की तैयारी की और वर्ष 2024 में स्टडी वीजा के आधार पर कनाडा चली गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पत्नी की पढ़ाई, वीजा और विदेश भेजने की प्रक्रिया पर उसने और उसके पिता ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी से कुल 29 लाख रुपये खर्च किए।

कनाडा पहुंचने के बाद पति और ससुराल वालों के नंबर किए ब्लॉक

शिकायत के मुताबिक, कनाडा पहुंचने के करीब एक साल तक गुरप्रीत कौर अपने परिवार के संपर्क में रही। इसके बाद उसने कथित तौर पर पति और ससुराल वालों के फोन नंबर ब्लॉक कर दिए।

इंदरजीत ने जब पत्नी के मायके वालों से संपर्क किया, तो उसे वहां से भी मदद नहीं मिली। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में गुरप्रीत ने कनाडा से दोनों बच्चों को उनके पिता के खिलाफ भड़काना शुरू कर दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

पुलिस जांच के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज

पीड़ित इंदरजीत सिंह की शिकायत पर होशियारपुर के एसएसपी ने मामले की जांच डीएसपी (डिटेक्टिव) को सौंपी थी। पुलिस की पड़ताल और जिला अटॉर्नी (लीगल सेल) की कानूनी राय के बाद गुरप्रीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 के तहत कार्रवाई की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

कनाडा से भारत वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया

मामले की जानकारी देते हुए एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि दर्ज FIR की प्रति भारतीय दूतावास और कनाडा स्थित भारतीय मिशन को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपी महिला को भारत वापस लाने के विकल्पों पर काम कर रही है।

फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि विदेश में मौजूद आरोपी को वापस लाने की प्रक्रिया संबंधित कानूनों और निर्धारित औपचारिकताओं के अनुसार ही आगे बढ़ाई जाएगी।