Thursday, 15 October 2026
पंजाब
Jalandhar News: जालंधर कैंट की सियासत में हलचल, AAP ने दीपक बाली को बनाया हलका इंचार्ज; परगट सिंह को दे सकते हैं चुनौती
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जालंधर कैंट विधानसभा हलके में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने राजविंदर कौर थियाड़ा की जगह दीपक बाली को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले कई दिनों से जालंधर कैंट में हलका इंचार्ज बदले जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं।
अब दीपक बाली को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद जालंधर कैंट की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस बदलाव को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि दीपक बाली जालंधर कैंट से कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
जालंधर कैंट में AAP ने क्यों बदला हलका इंचार्ज?
हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। जालंधर कैंट में हलका इंचार्ज बदलने को लेकर पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं। अब पार्टी ने राजविंदर कौर थियाड़ा की जगह दीपक बाली को जिम्मेदारी देकर इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
दीपक बाली लंबे समय से जालंधर में आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक कामों में सक्रिय रहे हैं। उन्हें पार्टी के उन प्रमुख सदस्यों में गिना जाता है, जिन्होंने जालंधर में AAP के संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई।

जालंधर नॉर्थ में भी AAP कर चुकी है बदलाव
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में भी हलका इंचार्ज बदल दिया था। वहां दिनेश ढल्ल की जगह जालंधर के मेयर विनीत धीर को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जालंधर नॉर्थ और कैंट में हुए इन संगठनात्मक बदलावों के बाद जिले में आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दोआबा में धार्मिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे दीपक बाली
दीपक बाली पार्टी के संगठनात्मक कामों के साथ-साथ पंजाब सरकार के धार्मिक कार्यक्रमों से भी जुड़े रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वह दोआबा क्षेत्र में 'हमारे राम' और 'शिव महिमा' कार्यक्रमों की देखरेख कर रहे थे।
इन कार्यक्रमों के आयोजन और प्रबंधन में उनकी भूमिका के बाद अब उन्हें जालंधर कैंट की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस फैसले को स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
परगट सिंह के खिलाफ उतर सकते हैं दीपक बाली
जालंधर कैंट विधानसभा सीट पर कांग्रेस नेता परगट सिंह का राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद उनके संभावित चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, हलका इंचार्ज की नियुक्ति को सीधे टिकट की घोषणा नहीं माना जा सकता। आम आदमी पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।