Saturday, 10 October 2026
पंजाब
Jalandhar News: एशियन कप हॉकी की मेजबानी पंजाब के लिए गर्व की बात, मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रयासों से जालंधर को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच- नितिन कोहली
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: हॉकी इंडिया वाइस प्रेसिडेंट, हॉकी पंजाब प्रेसिडेंट नितिन कोहली ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों और खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण जालंधर को अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Singh Mann) ने कल जालंधर (Jalandhar) का दौरा कर बर्ल्टन पार्क स्टेडियम में एशियन कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुविधाओं को बेहतर बनाना
नितिन कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वयं जालंधर पहुंचकर स्टेडियम की तैयारियों का निरीक्षण करना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब सरकार हॉकी और खेलों के विकास को कितनी गंभीरता से ले रही है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन के लिए बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एशियन कप हॉकी टूर्नामेंट का जालंधर में आयोजन शहर के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे न केवल पंजाब की समृद्ध हॉकी विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी इस खेल से जुड़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
स्टेडियम में नई लाइटिंग
नितिन कोहली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान स्टेडियम में नई लाइटिंग व्यवस्था, स्कोरबोर्ड और नवीनीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा, सुविधा, परिवहन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों के लिए समर्पित बसों, बेहतर सुरक्षा प्रबंधों और सुचारू परिवहन व्यवस्था पर दिया गया ध्यान आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल से खिलाड़ियों, अधिकारियों और हॉकी प्रेमियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

गौरवशाली परंपरा
नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब ने देश को अनेक महान हॉकी खिलाड़ी दिए हैं और हॉकी राज्य की खेल पहचान का अभिन्न हिस्सा रही है। जालंधर में एशियन कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मार्गदर्शन और पंजाब सरकार के प्रयासों से यह टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आयोजित होगा तथा जालंधर अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी पहचान और मजबूत करेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का पुनः आभार व्यक्त किया।