ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 07 October 2026

Siddharth & Kiara: कियारा-सिद्धार्थ के घर फिर गूंजेगी किलकारी: दूसरी बार पेरेंट्स बनने वाले हैं कपल, सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी

Siddharth & Kiara: कियारा-सिद्धार्थ के घर फिर गूंजेगी किलकारी: दूसरी बार पेरेंट्स बनने वाले हैं कपल, सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी

डेली संवाद, मुंबई। Siddharth & Kiara: कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। बॉलीवुड के चर्चित कपल ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वे दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। इस खबर के सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के सितारे उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “एक बार फिर हमें जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है। हमारे दिल प्यार और आभार से भर गए हैं।”

जुलाई 2025 में बने थे पहली बार माता-पिता

दोनों की शादी 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में हुई थी। शादी में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने शिरकत की थी। कियारा और सिद्धार्थ की लव स्टोरी फिल्म ‘शेरशाह’ की शूटिंग के दौरान चर्चा में आई थी। फिल्म में दोनों ने पहली बार साथ काम किया था और इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

शादी के करीब दो साल बाद कियारा और सिद्धार्थ पहली बार माता-पिता बने थे। जुलाई 2025 में कपल ने बेटी के जन्म की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इसके बाद नवंबर 2025 में उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी फैंस के साथ साझा किया था। कपल ने अपनी बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा रखा है। नाम की घोषणा करते हुए दोनों ने बेटी को अपना आशीर्वाद और अपनी राजकुमारी बताया था।

पिता बनने के अनुभव पर क्या बोले थे सिद्धार्थ?

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने हाल ही में पिता बनने के अनुभव के बारे में भी बात की थी। टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ में पहुंचे सिद्धार्थ से सलमान खान ने उनकी शादीशुदा जिंदगी और पिता बनने को लेकर सवाल किया था।

सिद्धार्थ ने बताया था कि पिता बनना उनके लिए सबसे खास भूमिकाओं में से एक है। उन्होंने अपनी बेटी को बेहद प्यारा बताया और कहा था कि वह लगातार नई चीजें सीख रही है। इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने मजाक में सिद्धार्थ से जल्द एक और बच्चा होने की बात भी कही थी। हालांकि, उस समय कपल की ओर से दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।

वहीं, मां बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में कियारा आडवाणी ने राज शमानी के पॉडकास्ट में बात की थी। उन्होंने कहा था कि मां बनने से पहले और बाद में उन्हें खुद में काफी बदलाव महसूस हुआ है और अब वह खुद को पहले से बिल्कुल अलग इंसान मानती हैं।

कियारा और सिद्धार्थ का फिल्मी करियर

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। उन्होंने 2010 में फिल्म ‘माई नेम इज़ खान’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद उन्होंने 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से एक्टिंग डेब्यू किया। ‘हंसी तो फंसी’, ‘एक विलेन’ और ‘कपूर एंड सन्स’ जैसी फिल्मों से उन्हें पहचान मिली।

वहीं, कियारा आडवाणी ने 2014 में फिल्म ‘फगली’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 2016 में आई ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने ‘लस्ट स्टोरीज’, ‘कबीर सिंह’, ‘गुड न्यूज’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जीयो’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ जैसी फिल्मों में काम किया।