ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 18 October 2026

Punjab News: जालंधर पहुंचे हरियाणा के CM नायब सैनी, AAP सरकार पर साधा निशाना; बोले- पंजाब में नशे की स्थिति चिंताजनक

Punjab News: जालंधर पहुंचे हरियाणा के CM नायब सैनी, AAP सरकार पर साधा निशाना; बोले- पंजाब में नशे की स्थिति चिंताजनक

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर पंजाब के जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने शक्ति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जालंधर से अमृतसर स्थित श्री रामतीर्थ तक जाने वाली भव्य धार्मिक शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या और मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है और राज्य के युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए गंभीर प्रयासों की जरूरत है।

'सरकारें चुटकुलों से नहीं, जमीनी काम से चलती हैं'

जालंधर के शक्ति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में नतमस्तक होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अली पुल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार झूठे वादों और चुटकुलों पर बनी थी, लेकिन सरकारें चुटकुलों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने से चलती हैं।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

उनके इस बयान को पंजाब की AAP सरकार पर सीधे राजनीतिक हमले के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रकट दिवस पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जालंधर की ऐतिहासिक धरती का भगवान श्रीराम के पुत्र लव से विशेष संबंध रहा है।

उन्होंने धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सही दिशा दिखाते हैं और लोगों को धर्म, सद्भाव तथा अच्छे कार्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

जालंधर से अमृतसर के श्री रामतीर्थ तक निकाली जा रही इस शोभायात्रा का नेतृत्व भगवान वाल्मीकि आश्रम के चेयरमैन विपिन सभ्रवाल की अध्यक्षता में किया जा रहा है।

'पंजाब में नशे की स्थिति बेहद चिंताजनक'

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य का युवा नशे की गिरफ्त में गहराई तक फंस चुका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या का जिक्र करते हुए नशे के नेटवर्क और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को गंभीर मुद्दा बताया। सैनी ने कहा कि नशे और अपराध जैसे विषयों को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए, बल्कि इनसे निपटने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाने चाहिए।

2029 से पहले पंजाब को नशामुक्त करने का दावा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने 2029 से पहले पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को सुरक्षित भविष्य देना प्राथमिकता होनी चाहिए।

सैनी ने कहा कि जब कोई युवा नशे की लत में फंस जाता है, तो उसका पूरा परिवार प्रभावित होता है। माता-पिता और परिजनों को जिस मानसिक और सामाजिक परेशानी से गुजरना पड़ता है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने के लिए सरकारों, प्रशासन और समाज को गंभीरता से मिलकर काम करना होगा।

नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जरूरत

मुख्यमंत्री नायब सैनी के जालंधर दौरे के दौरान धार्मिक आस्था के साथ पंजाब की राजनीति और नशे का मुद्दा भी चर्चा में रहा। उन्होंने AAP सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया।

पंजाब में नशे की समस्या और इससे जुड़े अपराधों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच युवाओं को नशे से बचाना, नशा तस्करी पर रोक लगाना और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाना अहम मुद्दे बने हुए हैं।