ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 15 October 2026

Punjab News: शहर में गनपॉइंट पर लूट की कोशिश, कपड़ा व्यापारी पर चलाई गोली; आरोपी गिरफ्तार

Punjab News: शहर में गनपॉइंट पर लूट की कोशिश, कपड़ा व्यापारी पर चलाई गोली; आरोपी गिरफ्तार

डेली संवाद, अमृतस​र। Punjab News: पंजाब के अमृतसर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास बुधवार रात बाइक सवार दो युवकों ने कपड़ा व्यापारी विशाल भाटिया पर गोली चला दी। आरोपी व्यापारी से पैसों से भरा बैग छीनने की कोशिश कर रहे थे। गोली व्यापारी की टांग में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 5 घंटे के भीतर वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और .32 बोर की पिस्टल बरामद की गई है।

अमृतसर में कपड़ा व्यापारी पर फायरिंग, पैसों का बैग लूटने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब पौने 11 बजे गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास बाजार में कपड़े की एक दुकान खुली हुई थी। दुकान में मुख्य रूप से महिलाओं के सूट का कारोबार होता है।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दुकान के मालिक विशाल भाटिया को निशाना बनाकर गोली चला दी।गोली व्यापारी की टांग में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

5 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार उर्फ मॉडल, गुरप्रिंस दीप, राहुल सिंह और दमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

पुलिस के अनुसार, थाना ए डिवीजन की SHO गुरविंदर कौर और उनकी टीम ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और .32 बोर की पिस्टल बरामद की गई है।

पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर पर लूट की वारदातों की भी जांच

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों पर अमृतसर के ए डिवीजन और चाटीविंड क्षेत्र में पेट्रोल पंपों तथा मेडिकल स्टोर पर गनपॉइंट पर लूट और स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल होने का संदेह है।

पुलिस इन मामलों में आरोपियों की भूमिका और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

UK से फिरौती मांगने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश

अमृतसर पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में व्यापारियों से फिरौती मांगने वाले कथित नेटवर्क का भी खुलासा किया है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस मामले में यादविंदर नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो कारोबारी पुनीत अग्रवाल के यहां काम करता था। पुलिस का आरोप है कि यादविंदर स्थानीय व्यापारियों के मोबाइल नंबर ब्रिटेन में बैठे युवराज नामक व्यक्ति को उपलब्ध कराता था।

इसके बाद युवराज कथित तौर पर गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों से 50 लाख रुपये तक की फिरौती मांगता था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में डोनी बल जैसे गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आए आरोपियों का किसी वास्तविक गैंगस्टर नेटवर्क से सीधा संबंध अभी साबित नहीं हुआ है।

व्यापारियों से पुलिस की अपील- धमकी मिले तो तुरंत शिकायत करें

विदेश में बैठे युवराज के खिलाफ कार्रवाई के लिए उसका भारतीय पासपोर्ट रद्द कराने और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही गई है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने शहर के निवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि फिरौती की कॉल या किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

उन्होंने बताया कि लोग आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।