ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 17 October 2026

Punjab News: पत्नी की हत्या के बाद रची अपहरण की कहानी, अमेरिका में पंजाबी युवक गिरफ्तार; DNA जांच से खुला राज

Punjab News: पत्नी की हत्या के बाद रची अपहरण की कहानी, अमेरिका में पंजाबी युवक गिरफ्तार; DNA जांच से खुला राज

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो में पंजाबी मूल के एक युवक को अपनी पत्नी जैसमीन गिल की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरिंदर गिल ने कथित तौर पर पत्नी के लापता होने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया था कि अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE के एजेंट उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर चले गए हैं।

इस बीच एल्डोराडो काउंटी में एक महिला का जला हुआ शव मिला था। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट के जरिए शव की पहचान जैसमीन गिल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और 16 अक्टूबर को गुरिंदर गिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजहों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

30 सितंबर को आखिरी बार देखी गई थीं जैसमीन गिल

पुलिस के मुताबिक, जैसमीन गिल को आखिरी बार 30 सितंबर को सैक्रामेंटो स्थित उनके घर पर देखा गया था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। 4 अक्टूबर को उनके चचेरे भाई ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

पति ने कहा- मेलबॉक्स से डाक चेक करते समय ICE एजेंट ले गए

शुरुआती पूछताछ के दौरान गुरिंदर गिल ने पुलिस को बताया कि जैसमीन घर के बाहर लगे मेलबॉक्स में डाक चेक कर रही थीं। इसी दौरान ICE एजेंट आए और उन्हें हिरासत में लेकर चले गए।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

हालांकि, पुलिस को आरोपी के इस दावे पर संदेह हुआ। अधिकारियों ने जब अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE से संपर्क किया, तो एजेंसी ने ऐसी किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच दूसरे पहलुओं से शुरू की।

एल्डोराडो काउंटी में मिला जला हुआ शव

जैसमीन की तलाश के दौरान 1 अक्टूबर को एल्डोराडो काउंटी में पुलिस को एक महिला का जला हुआ शव मिला। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि शव जैसमीन गिल का था।

इसके बाद जांच अधिकारियों ने गुरिंदर गिल की भूमिका की पड़ताल तेज कर दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास भी सामने आए। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहा था विवाद

जांच में यह भी सामने आया कि गुरिंदर और जैसमीन के रिश्तों में तनाव था। दोनों के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर अदालत में कानूनी विवाद चल रहा था।

पुलिस इस विवाद को हत्या की संभावित वजहों में से एक मानकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

आरोपी गिरफ्तार, दो ठिकानों पर छापेमारी

पुलिस ने 16 अक्टूबर को गुरिंदर गिल को गिरफ्तार कर सैक्रामेंटो काउंटी की मुख्य जेल भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर छापेमारी कर सबूत जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश क्यों की।