Monday, 20 July 2026
ब्रेकिंग न्यूज़
Punjab Weather Update: पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का यू-टर्न, जालंधर में दिन में छाया अंधेरा; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update:
पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। चंडीगढ़, मोहाली, पठानकोट और गुरदासपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के कारण चंडीगढ़ और खरड़ के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं जालंधर, लुधियाना और अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने दोपहर तक विशेष अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
मौसम विभाग ने राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, चंडीगढ़, खरड़, रूपनगर, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, नंगल, होशियारपुर, दसूया, मुकेरियां, गुरदासपुर, पठानकोट और धार कलां सहित कई इलाकों के लिए 'टेक एक्शन' अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके अलावा पटियाला, अमलोह, खन्ना, समराला, फगवाड़ा, जालंधर, नवांशहर, बटाला, डेरा बाबा नानक और भुल्लथ में मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मानसा, संगरूर, बरनाला, धूरी, मलेरकोटला, बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, तरनतारन, अमृतसर और कपूरथला सहित कई जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूरे पंजाब और चंडीगढ़ के लिए 23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी रखा है।