ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 12 July 2026

Punjab News: तेज रफ्तार मर्सिडीज का कहर, दो युवकों को मारी टक्कर

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: शहर के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चला रहा युवक नाबालिग बताया जा रहा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मर्सिडीज तेज रफ्तार से गुजरती दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, बाबूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 निवासी अमनजट और सेक्टर-44 निवासी अलांस प्रीत शनिवार शाम सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब में गए थे। दोनों जैसे ही क्लब से बाहर निकलकर सड़क की ओर बढ़े, उसी दौरान तेज गति से आई मर्सिडीज ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना का वीडियो भी सामने आया

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अमन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रेफर करने की तैयारी की जा रही है। यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार ने एक्सप्रेस एंट्री में किया गया बदलाव, पंजाबियों पर पड़ेगा असर वहीं अलांस प्रीत सिंह की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसके हाथ-पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण ऑपरेशन किया जाएगा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान तथा फरार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हिट एंड रन, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।