Wednesday, 01 July 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में बिजली व्यवस्था पर 24 घंटे निगरानी, पावरकॉम ने बनाए विशेष कंट्रोल रूम
डेली संवाद, पठानकोट।
Punjab News: पंजाब में भीषण गर्मी और धान की रोपाई के चरम सीजन के चलते बिजली व्यवस्था पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। बढ़ती बिजली मांग और विभिन्न इलाकों से मिल रही कटौती की शिकायतों के बीच पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए राज्यभर में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
विभाग का दावा है कि इन कंट्रोल रूम के माध्यम से बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द समाधान किया जाएगा। पीएसपीसीएल ने हर जोनल कार्यालय के साथ-साथ पटियाला स्थित मुख्य कार्यालय में भी विशेष कंट्रोल रूम बनाए हैं। उपभोक्ता बिजली आपूर्ति बाधित होने, बिल संबंधी समस्या या अन्य तकनीकी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई
विभाग ने बताया कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की भी सलाह दी है। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से PSPCL कंज्यूमर सर्विस मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
विभाग की ओर से जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर भी यह ऐप डाउनलोड किया जा सकता है। यदि किसी उपभोक्ता को शिकायत के समाधान से संतुष्टि नहीं होती, तो वह उसी मोबाइल ऐप के माध्यम से दोबारा अपनी प्रतिक्रिया और शिकायत 1912 हेल्पलाइन पर भेज सकता है। इधर, बिजली कटौती को लेकर किसानों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग
मंगलवार को किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर पंजाब के कई जिलों में किसानों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किए। किसानों ने पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पावरकॉम) के कार्यालयों के बाहर धरना देकर आरोप लगाया कि धान की बुवाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों ने सरकार से कृषि क्षेत्र के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। बिजली संकट का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है। राज्य के कई शहरों और कस्बों में घरेलू उपभोक्ताओं को भी लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है और उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।