ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 07 October 2026

Punjab News: पंजाब में डबल मर्डर से सनसनी, फोन कर घर बुलाया; जमकर पीटा और फिर गोली मारकर फेंके शव

Punjab News: पंजाब में डबल मर्डर से सनसनी, फोन कर घर बुलाया; जमकर पीटा और फिर गोली मारकर फेंके शव

डेली संवाद, तरनतारन। Punjab News: पंजाब के तरनतारन जिले में दो युवकों की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। दोनों युवकों के शव चोहला साहिब थाना क्षेत्र के गांव पखोपुर में सड़क किनारे मिले। पुलिस के मुताबिक, मृतकों के शरीर पर तेजधार हथियारों से वार के निशान के अलावा गोली लगने की चोटें भी मिली हैं।

मृतकों की पहचान गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (26) निवासी गांव खारा और पलविंदर सिंह उर्फ पिंदी (23) निवासी गांव पखोपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक अविवाहित बताए जा रहे हैं।

फोन कर घर बुलाने का आरोप

परिजनों के अनुसार, दोनों युवकों को फोन करके घर बुलाया गया था। उन्हें मेले में जाने की बात कहकर बुलाने का आरोप है। परिजनों का दावा है कि घर पहुंचने के बाद दोनों युवकों के साथ पहले बुरी तरह मारपीट की गई और बाद में गोली मार दी गई।

परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों युवकों को सड़क किनारे फेंक दिया, जहां बुधवार सुबह उनके शव मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

शरीर पर तेजधार हथियारों के निशान

तरनतारन के SSP सुरिंदर लांबा के अनुसार, बुधवार सुबह चोहला साहिब थाने में पखोपुर गांव में दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतकों के शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए वार के निशान मिले हैं। इसके अलावा दोनों को गोली लगने की चोटें भी मिली हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन भेजा गया है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों का गांव के ही प्रभजीत नाम के व्यक्ति और उसके साथियों के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।

SSP के मुताबिक, शुरुआती जांच में प्रभजीत और उसके चार साथियों पर दोनों युवकों की हत्या का आरोप सामने आया है। पुलिस ने पांच संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी व्यक्तिगत रंजिश सामने आई है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ हत्या से पहले और बाद की पूरी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।