Tuesday, 21 January 2025
ब्रेकिंग न्यूज़
Saif Ali Khan: सैफ अली खान को अस्पताल से मिली छुट्टी, फैंस फिटनेस को देखकर रह गए हक्का-बक्का
डेली संवाद, मुंबई। Saif Ali Khan: एक्टर सैफ अली खान (Saif Ali Khan) को हट्टा-कट्टा देखकर लोग हैरान रह गए। सैफ को 5 दिन बाद मंगलवार को लीलावती अस्पताल (Lilavati Hospital) से डिस्चार्ज कर दिया गया है। 15 जनवरी की रात करीब ढाई बजे उन पर चाकू से हमला किया गया था। सैफ के गले और रीढ़ में गंभीर चोटें आई थीं।
यह भी पढ़ें: कनाडा में PR को लेकर नए नियमों की घोषणा, पंजाब के लोगों पर क्या पड़ेगा असर, पढ़ें
इसके बाद सैफ ऑटो से लीलावती अस्पताल पहुंचे थे, जहां उनकी सर्जरी हुई और इलाज चला। सैफ अली खान को लीलावती अस्पताल से घर पहुंचने में करीब 15 मिनट लगे। अस्पताल से बांद्रा स्थित अपने घर के लिए निकलते समय अभिनेता के साथ उनकी पत्नी करीना कपूर (Kareena Kapoor) भी थीं। इस दौरान वे सड़क पर लोगों का हंसकर अभिवादन करते हुए दिखे।

पीठ पर पट्टी लगी दिखी
जब वे घर पहुंचे तो खुद ही कार से उतरकर बिल्डिंग के अंदर गए। सैफ व्हाइट शर्ट, नीली जींस, काला चश्मा पहने दिखे। उनके पीठ पर पट्टी लगी दिख रही थी।
उनके घर के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था है। बेरिकैडिंग की गई है। सैफ अब सतगुरु शरण अपार्टमेंट में नहीं रहेंगे, जहां उन पर हमला किया गया। पास ही फॉर्च्यून हाइट्स इमारत में उनका सामान शिफ्ट किया गया है, ये एक्टर का दफ्तर है।

सैफ की सुरक्षा एक्टर रोनित रॉय की एजेंसी को सौंपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जानलेवा हमले के बाद सैफ अली खान ने अपनी सिक्योरिटी टीम बदल दी है। अब उन्हें एक्टर रोनित रॉय की सिक्योरिटी एजेंसी सुरक्षा मुहैया कराएगी। रोनित की फर्म अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े स्टार्स को सिक्योरिटी प्रोवाइड करा चुकी है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
रविवार को पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर के रूप में हुई, जिसने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था। फकीर को रविवार को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस आरोपी के साथ खान के घर पर क्राइम सीन को फिर से बनाने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि वह चोरी के इरादे से आवासीय इमारत में घुसा था। आरोपी का कहना है कि उसे नहीं पता था कि सैफ कौन है और उसने घर को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उसे लगा कि यह किसी अमीर व्यक्ति का है।