Thursday, 08 October 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब के पार्क में मिली सिर कटी लाश, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव; जांच में जुटी पुलिस
डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली के जीरकपुर स्थित पीरमुछल्ला नेचर पार्क में गुरुवार सुबह गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने पार्क में जमीन पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक पुरुष है या महिला।
पार्क में ही हत्या या कहीं और से लाकर फेंका शव?
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या पीरमुछल्ला नेचर पार्क में ही की गई या फिर किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के इलाकों की भी जानकारी खंगाल रही है।
CCTV फुटेज की जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रात के समय पार्क के आसपास कौन-कौन लोग या वाहन मौजूद थे। लाश मिलने की घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और अनुमानित समय का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।