US-ईरान टेंशन इंडियन इकॉनमी के लिए बनी दोहरी चुनौती, महंगा हो रहा तेल

Daily Samvad
3 Min Read

नई दिल्ली। अमेरिकी एयर स्ट्राइक के बाद ईरान से बढ़ी टेंशन के बीच कच्चे तेल का भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3 डॉलर प्रति बैरल तक उछल गया। शुक्रवार को कारोबार के दौरान यह 70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था और आखिरकार 68.76 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। इस खबर के आने के बाद रुपया डॉलर के मुकाबले 44 पैसे कमजोर होकर 71.81 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमत में उछाल से आर्थिक सुस्ती का सामना कर रही भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए टेंशन बढ़ सकती है।

दोगुनी रफ्तार से महंगा होगा तेल

मिडिल ईस्ट एशिया में टेंशन बढ़ना भारत के लिए दोहरी चुनौती है। पहला- तेल का भाव भाव बढ़ जाएगा और दूसरा तेल की सप्लाई बाधित होगी। ऐसे में यह दोगुनी रफ्तार से महंगा होने लगेगा। महंगे तेल के कारण घरेलू बजट पर असर होगा और लोग अन्य तरह के खर्च पर कंट्रोल करने लगेंगे। भारतीय अर्थव्यवस्था खर्च में कटौती की समस्या से पहले से जूझ रही है। तेल महंगा होने के कारण सरकार के लिए जन कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना और नई योजनाओं को शुरू करना मुश्किल होगा।

80 फीसदी तेल का आयात करता है भारत

भारत अपनी जरूरत का 80 फीसदी तेल आयात करता है। 70 फीसदी तेल की सप्लाई ओपेक (OPEC) देशों से होती है, साथ ही कुल सप्लाई का दो तिहाई हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होता है। वैश्विक टेंशन बढ़ने के कारण अगर तेल की सप्लाई बाधित होती है तो तेल महंगा हो जाएगा जिसका व्यापक असर होगा।

ओपेक देशों में इराक सबसे बड़ा उत्पादक

ओपेक देशों में सबसे ज्यादा तेल का उत्पादन इराक करता है और यह रोजाना 4.7 मिलियन बैरल तेल निकालता है। सऊदी अरब, कुवैत और ईरान मिलकर रोजाना 15 मिलियन तेल का उत्पादन करते हैं। समस्या यह है कि पूरे विश्व में तेल की सप्लाई का मुख्य रास्ता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज है और ईरान बार-बार धमकी देता है कि अगर युद्ध की स्थिति बनती है तो वह इस रास्ते से सप्लाई बंद कर देगा।

सुलेमानी के मारे जाते ही गिरा सेंसेक्स, उछला सोना

सुलेमानी के मारे जाने की खबर आते ही शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स ने 162 अंकों का और निफ्टी ने 55 अंकों का गोता लगाया। इन्वेस्टर्स शेयर मार्केट से पैसा निकालने लगे हैं और सोने में निवेश करने लगे, जिसके कारण शुक्रवार को यह 752 रुपये तक महंगा हो गया और दिल्ली में सोना 40,652 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।















Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *