डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) के सुरजीत एन्क्लेव स्थित संगम पैलेस के पास देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात युवकों ने एक घर के बाहर खड़ी हुंडई क्रेटा कार को आग के हवाले कर दिया। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 3:49 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो युवक एक एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर गली में पहुंचते हैं। स्कूटर रोकने के बाद एक युवक नीचे उतरता है और कार पर किसी ज्वलनशील पदार्थ का छिड़काव करता है। इसके बाद वह कार में आग लगा देता है। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर जाती है और दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था

कार मालिक और हौजरी कारोबारी सार्थक मल्होत्रा ने बताया कि घटना के समय उनका पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे बाहर आए। बाहर का मंजर देखकर परिवार के होश उड़ गए, क्योंकि उनकी कार धू-धू कर जल रही थी। उन्होंने तुरंत बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और आग घर तक फैल सकती थी। पीड़ित परिवार के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। करीब छह महीने पहले भी उनकी गाड़ी के साथ छेड़छाड़ या इसी तरह की हरकत करने की कोशिश की गई थी। इस घटना के बाद परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्हें शक है कि इस वारदात के पीछे वही लोग हो सकते हैं।

CCTV

परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल

घटना की सूचना मिलते ही जगतपुरी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत दर्ज कर ली है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।

आरोपियों की पहचान के लिए फुटेज को खंगाला जा रहा है और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना किसी पुरानी रंजिश का परिणाम है या फिर इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों की करतूत। मामले की जांच जारी है।

Share.

मानसी जायसवाल, डेली संवाद ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। वे लोकल खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। वह 5 सालों से अधिक समय से Daily Samvad (Digital) में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत डेली संवाद से की। उन्होंने पंजाब के जालंधर के खालसा कालेज से एमए की डिग्री हासिल की है।

Exit mobile version