डेली संवाद, लुधियाना। CNG Price Hike: पंजाब और चंडीगढ़ में महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल, डीजल और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। विभिन्न गैस कंपनियों ने CNG की कीमतों में 1.25 रुपए से लेकर 2 रुपए प्रति किलोग्राम तक की वृद्धि की है। नई दरें लागू होने के बाद वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
लुधियाना में थिंक गैस कंपनी ने CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इसके बाद अब यहां CNG 88.75 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मिल रही है। इससे पहले इसकी कीमत 86.75 रुपए प्रति किलो थी। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने भी CNG के दाम में 1.25 रुपए प्रति किलो की वृद्धि की है।
पहले 93 रुपए प्रति किलो बिक रही थी
चंडीगढ़ में IOCL की CNG पहले 93 रुपए प्रति किलो बिक रही थी, जो अब बढ़कर 94.25 रुपए प्रति किलो हो गई है। इसी तरह मोहाली में अडानी गैस ने भी CNG की कीमतों में सवा रुपए की बढ़ोतरी की है। मोहाली में पहले CNG 93 रुपए प्रति किलो थी, लेकिन अब उपभोक्ताओं को 94.25 रुपए प्रति किलो चुकाने पड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतों से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। खासकर वे लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, जो रोजाना CNG वाहनों का इस्तेमाल करते हैं।
विभिन्न कंपनियां CNG सप्लाई करती
पंजाब के अलग-अलग शहरों में विभिन्न कंपनियां CNG सप्लाई करती हैं। जालंधर में अडानी टोटल गैस लिमिटेड, जबकि लुधियाना में जय माधोक एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और कुछ क्षेत्रों में थिंक गैस सप्लाई का काम करती है। अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर और मानसा में गुजरात गैस लिमिटेड CNG उपलब्ध करवा रही है।
इसके अलावा रूपनगर और आसपास के क्षेत्रों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड सेवा दे रही है, जबकि फतेहगढ़ साहिब में IRM एनर्जी लिमिटेड CNG सप्लाई करती है। तरनतारन में मेघा सिटी गैस उपभोक्ताओं को CNG उपलब्ध करवा रही है।
क्रूड ऑयल के दाम तेजी से बढ़े
विशेषज्ञों के अनुसार CNG और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम तेजी से बढ़े हैं। पहले कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है।
तेल कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत और सप्लाई पर दबाव के चलते कीमतों में वृद्धि करना जरूरी हो गया था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल, डीजल और CNG के दामों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
