डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के जिला लुधियाना (Ludhiana) में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जारी सियासी टकराव सड़क पर उतर गया आया है। बीते कल (10 मई) बीजेपी दफ्तर के बाहर हुई धक्का-मुक्की और हंगामे के विरोध में आज भाजपा कार्यकर्ता सीपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।
जिले के भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर सीपी दफ्तर पर ताला लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोकते हुए ताला और चैन छीन लिया।
इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति
इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी भड़क उठे और पुलिस के साथ उनकी तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की लगातार कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं, जिससे पूरे इलाके में भारी हंगामा देखने को मिला। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
बीजेपी जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि उनका प्रदर्शन सीपी दफ्तर के बाहर था और आगे पार्टी का अगला कदम तय करेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि उन्हें ईडी के काम पर संदेह है, तो उन्हें ईडी दफ्तर के बाहर जाकर धरना देना चाहिए।
बीते रविवार को भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लुधियाना स्थित बीजेपी दफ्तर का घेराव किया था। उस दौरान भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की हुई थी, जिसे रोकने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। बीजेपी का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में उनके कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी हुई और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।
