डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पूरे परिवार को ऑस्ट्रेलिया (Australia) में सेटल करवाने का झांसा देकर 4 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पंजाब (Punjab) के अमृतसर (Amritsar) के थाना रंजीत एवेन्यू की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ट्रैवल एजैंट पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पंजाब (Punjab) के अमृतसर (Amritsar) में थाना रंजीत एवेन्यू (Ranjit Avenue) के इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि रंजीत एवेन्यू स्थित डी ब्लॉक निवासी भूपिंदर सिंह की शिकायत पर होली सिटी स्थित निकुंज भवन निवासी ट्रैवल एजेंट कार्तिक हांडा और हिमानी हांडा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।

इमीग्रेशन कंसल्टेंट बताकर ठगी
शिकायतकर्ता भूपिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ वर्ष पहले उनकी मुलाकात कार्तिक हांडा और हिमानी हांडा से हुई थी। दोनों ने खुद को इमीग्रेशन कंसल्टेंट बताते हुए दावा किया था कि वे लोगों को विदेश में सेटल करवाने का काम करते हैं और कई परिवारों को विदेश भेज चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
आरोपियों ने भूपिंदर सिंह को भरोसा दिलाया कि वे उनके पूरे परिवार को ऑस्ट्रेलिया में स्थायी रूप से बसाने की व्यवस्था कर देंगे। इसके बदले उन्होंने 4 करोड़ रुपये की मांग की। परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद में भूपिंदर सिंह ने किसी तरह इतनी बड़ी रकम का इंतजाम किया और आरोपितों को दे दी।
पति-पत्नी ने की ठगी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वीजा प्रक्रिया शुरू करने का झांसा देकर भूपिंदर सिंह और उनके परिवार के पासपोर्ट भी अपने पास ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उनका वीजा लगा और न ही उन्हें विदेश भेजा गया। जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो उन्होंने टालमटोल करना शुरू कर दिया।

आखिरकार ठगी का एहसास होने पर भूपिंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैवल एजेंट कार्तिक हांडा और और उसकी पत्नी हिमानी हांडा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
ठगों की तलाश जारी
इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि आरोपी ट्रैवल एजेंट कार्तिक हांडा और हिमानी हांडा फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








