डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: सरकार के निर्देश अनुसार 24 अप्रैल 2026 को रात 8 बजे केवल खालसा कॉलेज फॉर वूमेन कैंपस, जालंधर में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जा रही है। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने इस संबंध में एक बैठक करके मॉक ड्रिल से जुड़े विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी।
इस मौके पर अतिरिक्त जालंधर (Jalandhar) डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी और कमांडेंट जसकरन सिंह विशेष तौर से मौजूद थे। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज केवल खालसा कॉलेज फॉर वूमेन के कैंपस में ही होगी। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल एयर रेड चेतावनी सिग्नल से शुरू होगी, जो सायरनों के जरिए (2 मिनट तक ऊंची-नीची आवाज) दिया जाएगा।

कॉलेज कैंपस में ब्लैकआउट किया जाएगा
वालिया ने बताया कि कॉलेज कैंपस में ब्लैकआउट किया जाएगा। ब्लैकआउट के दौरान सभी लाइटें बंद कर दी जाएंगी।अभ्यास पूरा होने के बाद एक ‘ऑल क्लियर’ सिग्नल बजाया जाएगा (2 मिनट तक लगातार ऊंची आवाज वाला सायरन), जो मॉक एक्सरसाइज की समाप्ति का संकेत होगा।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
वालिया ने बताया कि अभ्यास के दौरान संबंधित विभागों के तालमेल से आग बुझाने की कार्रवाई, सर्च और बचाव कार्य, फर्स्ट-एड तथा मेडिकल सहायता, घायल व्यक्तियों को निकालने, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के उपायों की रिहर्सल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल एक्सरसाइज के लिए केवल खालसा कॉलेज फॉर वूमेन का चयन किया गया है।
लोगों से अपील की
इसके अलावा जिले के किसी भी अन्य शहर, गांव या किसी भी अन्य स्थान पर मॉक ड्रिल नहीं करवाई जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दौरान घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि यह सिविल डिफेंस तैयारियों की जांच के लिए एक रूटीन अभ्यास है।
उन्होंने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल विभागों के आपसी तालमेल को सुनिश्चित करने के साथ-साथ जागरूकता पैदा करने के लिए की जाती है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहने की अपील भी की। बैठक में सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग, जिला राजस्व अधिकारी नवदीप सिंह भोगल के अलावा पुलिस, सिविल डिफेंस, पी.एस.पी.सी.एल. समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।










