आज का यह दिन हर भारतीय युवा के लिए नई प्रेरणा और नये संकल्प का दिन है : नरेन्द्र मोदी

Daily Samvad
8 Min Read
Punjab Government
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की

डेली संवाद, लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज का यह दिन हर भारतीय युवा के लिए नई प्रेरणा और नये संकल्प का दिन है। आज ही के दिन स्वामी विवेकानंद के रूप में भारत को एक ऐसी ऊर्जा मिली थी, जो आज भी हमारे देश को ऊर्जावान बनाए हुए है।

स्वामी विवेकानंद भारत के युवा शक्ति को अपने गौरवशाली अतीत और वैभवशाली भविष्य की मजबूत कड़ी के रूप में देखते थे। उन्होंने इस अवसर पर देश के युवाओं से स्वदेशी उत्पाद खरीदने का अग्राह करते हुए कहा कि ऐसा करके आप अपने युवा साथियों की मदद करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की 157वीं जयंती के मौके पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव के उदघाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सम्बोधित किया।

इस अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवेकानंद जी कहते थे कि सब शक्ति तुम्हारे भीतर है। उस शक्ति को प्रगट करो। इस पर विश्वास करो कि तुम सब कुछ कर सकते हो। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि भारत का आज का नौजवान इस बात को भलीभांति समझ रहा है। खुद पर विश्वास करते हुए आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज इनोवेशन, इक्वेशन और स्टार्टअप की नई धारा का नेतृत्व देश के युवा कर रहे हैं। आज अगर भारत दुनिया के स्टार्टअप इकोसिस्टम में टॉप 3 में आ गया है।

नौजवानों ने अपने सपनों को देश की जरूरतों से जोड़ा है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 26 हजार नये स्टार्टअप का खुलना दुनिया के किसी भी देश का सपना हो सकता है। ये सपना भारत में सच हुआ है, तो इसके पीछे भारत के नौजवानों की शक्ति है। भारत के नौजवानों ने अपने सपनों को देश की जरूरतों, आशाओं और आकांक्षाओं से जोड़ा है।

आज देश का युवा नये-नये ऐप बना रहा है। ताकि खुद की भी जिंदगी आसान हो जाए और देश का भला हो जाए। आज देश का युवा बदलते हुए नेचर ऑफ जॉब्स के मुताबिक नये-नये वेंचर शुरू कर रहा है। जोखिम उठा रहा है, दूसरों को काम दे रहा है।

युवाओं के सामर्थ्य से नये भारत का निर्माण हो रहा है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश के युवाओं के सामर्थ्य से नये भारत का निर्माण हो रहा है। एक ऐसा नया भारत जिसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ ही ईज ऑफ लिविंग भी हो। एक ऐसा नया भारत जिसमें लालबत्ती कल्चर नहीं, जिसमें हर इंसान बराबर है। ऐसा नया भारत जिसमें अवसर हैं और उड़ने के लिए पूरा आसमान भी है।

21वीं सदी का यह कालखंड भारत के लिए बहुत सौभाग्य लेकर आया है। हम लोग भाग्यशाली हैं कि भारत की अधिकतम आबादी 35 वर्ष से कम है। हम इसका लाभ उठा सके इसके लिए बीते वर्षों में भारत में अनेक महत्वपूर्ण फैसलें लिए गए, नीतियां बनाई गई है।

युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का एक व्यापक प्रयास देश में देखने को मिल रहा है। स्किल डेवलपमेंट और मुद्रा लोन के जरिए युवाओं की मदद की जा रही है। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, फिट इंडिया अभियान या खेलो इंडिया ये सब युवाओं पर ही केंद्रित है।

युवा कर रहे फाइव यंग साइंटिस्ट लैब का नेतृत्व

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डीआरडीओ में डिफेंस रिसर्च से जुड़ी ‘’फाइव यंग साइंटिस्ट लैब’’ में रिसर्च से लेकर मैनेजमेंट तक का पूरा नेतृत्व 35 वर्ष कम वैज्ञानिकों को दिया गया है। ऐसा देश में पहली बार हुआ है। युवाओं में अदभुत क्षमताएं होती हैं, समस्याओं के नये सिरे से समाधान की। यही युवा सोच हमे ऐसा निर्णय लेना सिखाती है, जिसके बारे में सोचना असंभव है।

हमारी सरकार युवा हौसलों और सपनों के साथ है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 हट चुका है, रामजन्मभूमि का सैकड़ों वर्षों से चला आ रहा है विवाद समाप्त हो चुका है, तीन तलाक के खिलाफ कानून बन चुका है। नागरिकता संशोधन कानून एक सच्चाई है। वैसे देश में एक सोच ये भी थी कि आतंकी हमला होने पर चुप बैठना है। आज सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक भी हम देखते हैं। हमारी सरकार युवा हौसलों और सपनों के साथ है।

आने वाले दिनों में खेल की महाशक्ति बनकर उभरेगा उत्तर प्रदेश: किरण रिजिजू

इस अवसर पर केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) किरण रिजिजू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले भी प्रतिभावन खिलाड़ी मौजूद थे, लेकिन खेल के क्षेत्र में वह उभरकर सामने नहीं आ पा रहे थे। ढाई वर्षों में योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश में जो कार्यक्रम चलाए गए हैं, उसको देखकर लग रहा है कि आने वाले दिनों में खेल के क्षेत्र में महाशक्ति बनकर उभरेगा उत्तर प्रदेश।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में उत्तर प्रदेश और देश को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। भारत की असली ताकत अभी पूरी तरह से ऊभरकर सामने नहीं आई है, जो आने वाले दिनों में देखने को मिलेगी। गुवाहाटी में खेलो इंडिया गेम चल रहा है, उसमें टॉप पोजीशन के लिए महाराष्ट्र को उत्तर प्रदेश काफी टक्कर दे रहा है।

मोदी ने जो लक्ष्य दिए हैं, उसे हम पूरा कर रहे हैं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो लक्ष्य दिए हैं, उसे हम पूरा कर रहे हैं। खेलो इंडिया कार्यक्रम का नतीजा 8 से 10 वर्षों में दिखने लगेगा। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 2028 में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलम्पिक गेम्स में मेडल की दृष्टि से भारत को टॉप 10 देशों की लिस्ट में शामिल होने का लक्ष्य हमने बनाया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिटनेस की रैकिंग में भारत का स्थान बहुत अच्छा नहीं है। इसलिए हमें फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाना होगा। इसके लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के साथ मिलकर स्कूलों में इसे शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए हजारों स्कूलों ने रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं। इसी प्रकार का कार्यक्रम यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में चलाया जा रहा है। न्यू इंडिया को फिट रहने की आवश्यकता है। इसलिए फिट इंडिया मूवमेंट चलाया जा रहा है।



















Share This Article
Follow:
Daily Samvad एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट है, जहां हम देश-दुनिया, राजनीतिक विश्लेषण, प्रदेश, शिक्षा, बिज़नेस, मनोरंजन, खेल, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र की ख़बरें सरल भाषा में आप तक पहुंचाते हैं। हमारा उद्देश्य है—जनता की आवाज़ बनकर निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाना। डेली संवाद ऑनलाइन के महाबीर जायसवाल फाउंडर चीफ एडिटर हैं। वे राजनीति, अपराध, देश-दुनिया की खबरों पर दमदार पकड़ रखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीति की खबरों से की, जबकि उनके पास, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग से लेकर एडिटर तक 25 साल से अधिक पत्रकारिता का अनुभव है। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र शेखावत के Media Consultant भी रहे हैं। उन्होंने इलाहाबाद की यूनिवर्सिटी से मास कॉम्यूनिकेशन, बीए और एमए की डिग्री हासिल की है। संपर्क नंबर: +91-98881-90945 ईमेल: mmmmediahouse@gmail.com
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *