बेंगलुरु। कर्नाटक प्रीमियर लीग मैच फिक्सिंग मामले में अहम कामयाबी मिली है. सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय बुकी सय्याम को गिरफ्तार किया है. हरियाणा निवासी इस बुकी को सेलीब्रेटी ड्रमर भावेश बाफना से जुड़े मैच फिक्सिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है।
बाफना फिलहाल न्यायिक हिरासत में है. सय्याम काफी दिनों से छिपा हुआ था. आरोप है कि वो वेस्टइंडीज में छिपा था. उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका था. माना जा रहा है कि सय्याम के हत्थे चढ़ने के बाद इस मामले में कई राज खुल सकते हैं।
इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में कर्नाटक प्रीमियर लीग की टीम बेल्लारी टस्कर्स के कप्तान सीएम गौतम और खिलाड़ी अबरार काजी को टूर्नामेंट में मैच फिक्सिंग में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है. दोनों पर गत 31 अगस्त को बेल्लारी टस्कर्स और हुबली टाइगर्स के बीच खेले गए फाइनल में फिक्सिंग करने का आरोप है।
फाइनल में धीमी बल्लेबाजी के लिए दोनों को 20 लाख रुपये दिए गए
आरोप है कि फाइनल में धीमी बल्लेबाजी के लिए दोनों को 20 लाख रुपये दिए गए. आरोप ये भी है कि ये दोनों खिलाड़ी कर्नाटक प्रीमियर लीग के बेंगलुरु टीम के खिलाफ खेले गए मैच में भी फिक्सिंग में शामिल रहे हैं। इंडिया ए के लिए खेल चुके सीएम गौतम कर्नाटक और गोवा के लिए रणजी क्रिकेट भी खेल चुके हैंय़
इतना ही नहीं, गौतम इंडियन प्रीमियर लीग के कई सीजन का हिस्सा रह चुके हैं. वे मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वहीं, अबरार काजी कर्नाटक के लिए खेल चुके हैं. इससे पहले, कर्नाटक प्रीमियर लीग में स्पॉट फिक्सिंग के एक मामले में पुलिस क्रिकेटर निशांत सिंह शेखावत को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
बेंगलुरु और बेलगावी टीम के बीच हुए मैच में फिक्सिंग करने का आरोप है
निशांत सिंह शेखावत पर साल 2018 में बेंगलुरु और बेलगावी टीम के बीच हुए मैच में फिक्सिंग करने का आरोप है. माना जाता है कि उन्होंने इस काम के लिए पांच लाख रुपये भी लिए थे. अपनी जांच के दौरान पुलिस ने बेलगावी पैंथर्स टीम के मालिक अली को भी गिरफ्तार किया है. इसके अलावा बेंगलुरु ब्लास्टर्स के गेंदबाजी कोच वीनू प्रसाद और बल्लेबाज विश्वनाथन भी गिरफ्तार हो चुके हैं. आरोप है कि अली दुबई के एक बुकी के साथ मिलकर सट्टा लगाता है और लीग के दौरान अन्य टीमों के खिलाड़ियों के साथ भी संपर्क में रहता है।









