डेली संवाद, कनाडा। Canada News: विदेश में पंजाबी युवकों के गिरफ्तार होने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि कनाडा में पंजाब के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कनाडा (Canada) में पुलिस ने फिरौती और अपहरण के एक बड़े मामले में चार पंजाबी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह पूरी साजिश दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर रची गई थी।
बंदूक की नोक पर अपहरण
मामला 6 मई की शाम का है, जब एडमोंटन शहर से एक दक्षिण एशियाई युवक को बंदूक की नोक पर अपहरण कर कैलगरी ले जाया गया। आरोपियों का असली लक्ष्य उसके कारोबारी दोस्त थे। पीड़ित युवक से कारोबारी को घर से बाहर बुलाने का प्रयास कराया गया, लेकिन उसने इनकार किया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके बाद आरोपियों ने उसे कार में बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने बाद में कारोबारी दंपती का पीछा करते हुए बीच सड़क पर बंदूक तानी, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित घर में लौट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद तरनवीर सिंह (24), दक्ष गौतम (25), आकाशदीप सिंह (18) और प्रदीप सिंह (24) को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए। मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह (29) अब भी फरार है और उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ एक्सपायर्ड वर्क वीजा पर और कुछ शरणार्थी दावे के आधार पर कनाडा में रह रहे थे।










