डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने आज नगर निगम अधिकारियों एसई रजनीश कुमार, एसडीओ हरप्रीत सिंह तथा जेई गितेश के साथ जालंधर वेस्ट क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सतगुरु कबीर भवन का भी निरीक्षण किया
मंत्री भगत (Mohinder Bhagat) ने विशेष रूप से भार्गव कैंप में निर्माणाधीन मोहल्ला क्लिनिक तथा बुड्ढा मल ग्राउंड का दौरा किया। उन्होंने यहां चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके अलावा उन्होंने 120 फूटी रोड पर बन रहे सतगुरु कबीर भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा, इसलिए इसके निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके
मंत्री ने इलाके के विभिन्न पार्कों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों को साफ-सुथरा, हराभरा और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मोहिंदर भगत ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जालंधर वेस्ट को एक आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।










