डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के जिला अमृतसर के रामतीर्थ रोड के नजदीक एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में झुलसने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान पलविंदर सिंह के तौर पर हुई है।
परिजनों ने इस घटना को लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक की बहन सुमन बाला और जीजा प्रेम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आग में झुलसने की मिली खबर
परिवार के अनुसार, 31 अगस्त को पलविंदर सिंह घर से पाठ करने की बात कहकर निकले थे। इसके कुछ समय बाद एक अनजान फोन कॉल के जरिए परिजनों को जानकारी मिली कि रामतीर्थ रोड के पास एक व्यक्ति आग में झुलस गया है।
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पलविंदर को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत बेहद गंभीर थी और शरीर का बड़ा हिस्सा आग से झुलस चुका था। वहीं मृतक के बेटे ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनके पिता को कुछ देर के लिए होश आया था।
70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे
परिवार का दावा है कि उस दौरान उन्होंने अपनी बहन और जीजा का नाम लेते हुए उन्हें घटना के लिए जिम्मेदार बताया था। पलविंदर करीब 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसे हुए थे। शुरुआती इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भल्ला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुराना संपत्ति विवाद
परिवार ने बताया कि पलविंदर सिंह के पिता शाम सिंह की संपत्ति को लेकर सुमन बाला और प्रेम सिंह के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि संपत्ति से जुड़ा मामला अदालत में भी चल रहा है।
इसी वजह से परिजनों ने पलविंदर के साथ हुई घटना को संपत्ति विवाद से जोड़कर जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।