डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में पिरामिड ई सर्विसेज (Pyramid E-Service) नामक ट्रैवल एजेंसी के बाहर उस समय हाईवोल्टेज हंगामा हो गया, जब कथित तौर पर वीजा और विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोप लगाने वाले लोग हरि सिंह नलवा फेडरेशन के नेताओं के साथ एजेंसी पहुंचे। पीड़ितों ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
लोगों का आरोप है कि जब फेडरेशन के नेताओं ने एजेंसी के कर्मचारियों से बातचीत करने की कोशिश की तो कुछ कर्मचारी वहां से निकलने लगे। इस दौरान गुस्साए लोगों ने एजेंसी के HR को पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस उसे लोगों से बचाकर अपनी गाड़ी में ले गई।
गाड़ी के बोनट पर लेट गई महिला
मौके पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक महिला पुलिस की गाड़ी के बोनट पर लेट गई। सूचना मिलने पर SI लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया।

पीड़ित सुखविंदर कौर ने आरोप लगाया कि एजेंसी ने उनकी बेटी का कनाडा के कैलगरी स्थित एक कॉलेज में स्टडी वीजा लगवाया था, जो बाद में रद्द हो गया। वहीं, एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को विदेश भेजा गया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
ऑस्ट्रेलिया के स्टडी वीजा
प्रदर्शन में शामिल नवनीत कुमार ने भी एजेंसी पर ऑस्ट्रेलिया के स्टडी वीजा के नाम पर बड़ी रकम लेने और लंबे समय तक वीजा न दिलाने का आरोप लगाया। पीड़ितों ने एजेंसी के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
SI लखबीर सिंह ने कहा कि उनके पास अभी लिखित शिकायत आने पर मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बाद में पुलिस अधिकारियों ने शिकायतें लेने और जांच के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही।