डेली संवाद, जीरा। Punjab News Gurpreet Singh Sekhon AAP: पंजाब के जीरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को सियासी हलचल तेज हो गई, जब अपराध की दुनिया से नाम जुड़ने के बाद पिछले कुछ समय से समाजसेवा और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय गुरप्रीत सिंह सेखों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया।
सेखों को पार्टी में शामिल करवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद जीरा पहुंचे। इस दौरान आयोजित जनसभा में उनके समर्थकों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। समर्थकों ने सेखों और AAP के समर्थन में जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते कार्यक्रम ने बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया।
नाभा जेल ब्रेक मामले में मिल चुकी है सजा
गुरप्रीत सिंह सेखों की AAP में एंट्री इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनका अतीत कई आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है। उपलब्ध पुलिस एवं अदालत संबंधी रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके खिलाफ अलग-अलग समय में 47 आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।
हालांकि, किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना और अदालत से दोषी साबित होना अलग-अलग बातें हैं। नाभा जेल ब्रेक मामले में अदालत से उन्हें सजा भी मिल चुकी है।
नाभा जेल ब्रेक कांड में आया था नाम
गुरप्रीत सिंह सेखों का नाम नवंबर 2016 के चर्चित नाभा जेल ब्रेक कांड में प्रमुख साजिशकर्ताओं में सामने आया था। इस मामले में पटियाला अदालत ने बाद में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई थी।
पुलिस ने फरवरी 2017 में सेखों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नवंबर 2023 में वह जमानत पर जेल से बाहर आए। उनके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड भी बताया गया है।
परिवार की महिलाएं भी राजनीति में सक्रिय
गुरप्रीत सिंह सेखों का परिवार भी इलाके की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उनकी पत्नी सहित परिवार से जुड़ी अन्य महिला सदस्य स्थानीय जिला परिषद चुनाव जीत चुकी हैं।
इसी वजह से सेखों की राजनीतिक सक्रियता को केवल व्यक्तिगत राजनीतिक कदम के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे इलाके में उनके परिवार के प्रभाव और समर्थक आधार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

नगर निकाय चुनाव में भी दिखा सेखों का प्रभाव
पिछले कुछ समय से गुरप्रीत सिंह सेखों के आम आदमी पार्टी की ओर झुकाव की चर्चा राजनीतिक गलियारों में थी। उनके समर्थकों की सक्रियता का असर नगर निकाय राजनीति में भी देखने को मिला।
बताया जाता है कि तलवंडी भाई नगर कौंसिल, मुदकी और ममदोट नगर पंचायतों में आप समर्थित उम्मीदवारों के प्रधान बनने के पीछे भी सेखों के समर्थन और राजनीतिक प्रभाव की चर्चा रही है।
CM भगवंत मान ने पार्टी में कराया शामिल
जीरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरप्रीत सिंह सेखों का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया। हालांकि, पार्टी में शामिल किए जाने के दौरान उन्हें फिलहाल कोई संगठनात्मक या सरकारी पद नहीं दिया गया है।
कार्यक्रम में जीरा के विधायक नरेश कटारिया सहित स्थानीय आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सेखों ने CM मान और AAP की तारीफ की
AAP में शामिल होने के बाद गुरप्रीत सिंह सेखों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की जमकर तारीफ की। उन्होंने सरकार की नीतियों और कामकाज का समर्थन करते हुए पार्टी के साथ सक्रिय रूप से काम करने का संकेत दिया।
कार्यक्रम में सेखों के समर्थकों की बड़ी मौजूदगी ने इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
AAP में एंट्री से जीरा में नए सियासी समीकरण?
जीरा की राजनीति में गुरप्रीत सिंह सेखों की आम आदमी पार्टी में एंट्री को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बनने वाले नए राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एक तरफ जीरा में आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक नरेश कटारिया हैं। वहीं अब सेखों के साथ जुड़े समर्थक आधार के AAP के साथ आने से स्थानीय राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सेखों को कई जिम्मेदारी नहीं
हालांकि, सेखों को अभी कोई पद या जिम्मेदारी नहीं दी गई है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में उनका पार्टी में शामिल होना राजनीतिक तौर पर अहम संदेश माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि गुरप्रीत सिंह सेखों की सक्रिय राजनीति में एंट्री और उनके समर्थक आधार का आने वाले समय में आम आदमी पार्टी की चुनावी रणनीति पर कितना असर पड़ता है। फिलहाल उनकी AAP में एंट्री ने जीरा की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा को जरूर हवा दे दी है।