Skip to content

Punjab News: कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह वापस आते हैं तो उनका वेलकम, लेकिन मैं अपने बयानों पर अडिग रहूंगा - परगट सिंह

कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं के बीच जालंधर कैंट विधायक परगट सिंह ने कहा कि कैप्टन वापस आते हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन वह अपने पुराने बयानों और आरोपों पर कायम रहेंगे।

Punjab News: कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह वापस आते हैं तो उनका वेलकम, लेकिन मैं अपने बयानों पर अडिग रहूंगा - परगट सिंह
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News:जालंधर कैंट हलके के मौजूदा विधायक परगट सिंह ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अगर कांग्रेस में वापस आते हैं, तो उनका वेलकम है, लेकिन कैप्टन को लेकर वे अपने बयान पर अडिग रहेंगे।

आपको बता दें कि पंजाब की राजनीति में एक समय तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस विधायक परगट सिंह के बीच टकराव काफी सुर्खियों में रहा था। परगट सिंह ने कैप्टन सरकार पर चुनावी वादे पूरे न करने, प्रशासनिक स्तर पर विफल रहने और बेअदबी व भ्रष्टाचार के मामलों में उचित कार्रवाई न होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

कैप्टन पर करप्शन का आरोप

परगट सिंह ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से जनता से किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पंजाब की जनता को जिन मुद्दों पर भरोसा दिलाया गया था, उन पर अपेक्षित काम नहीं हुआ।

उन्होंने भ्रष्टाचार और बेअदबी के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा था। परगट सिंह का कहना था कि इन मामलों में लोगों को इंसाफ मिलने में देरी हो रही है।

उन्हें 'ठोका जाएगा'

मई 2021 में परगट सिंह ने एक और गंभीर दावा करते हुए कहा था कि उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री के एक सलाहकार की ओर से फोन आया था। परगट सिंह के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि उनके खिलाफ कुछ दस्तावेज हैं और उन्हें 'ठोका जाएगा'।

परगट सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने इस तरह की कथित धमकियों से डरने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें जनता का समर्थन हासिल है और वह अपने सवालों से पीछे नहीं हटेंगे।

कांग्रेस में वापसी की चर्चा

इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में चले गए। अब एक बार फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चा तेज हो गई है। जिससे आज प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विधायक परगट सिंह से पत्रकारों ने कैप्टन की घर वापसी को लेकर सवाल किया था।

इसी बीच परगट सिंह का ताजा बयान खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने एक तरफ कैप्टन की वापसी का स्वागत करने की बात कही, वहीं दूसरी तरफ साफ कर दिया कि वह अपने पुराने आरोपों और बयानों से पीछे नहीं हटेंगे।

अब देखना होगा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर चल रही चर्चाएं किस दिशा में जाती हैं और पंजाब कांग्रेस के भीतर इस पर नेताओं की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।