Skip to content

Punjab News: मोहनजीत टॉर्चर मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई, DSP हटाए गए; 3 अधिकारी लाइन हाजिर

संगरूर में CM भगवंत मान को काले झंडे दिखाने के मामले में हिरासत में लिए गए मोहनजीत सिंह से राहुल गांधी ने फोन पर बात की। पुलिस हिरासत में टॉर्चर के आरोपों के बाद DSP हरविंदर सिंह का तबादला कर दिया गया, जबकि 3 पुलिस अधिकारियों को लाइन हाजिर किया गया है।

Punjab News: मोहनजीत टॉर्चर मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई, DSP हटाए गए; 3 अधिकारी लाइन हाजिर
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, संगरूर। Punjab News: संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान को काले झंडे दिखाने के मामले में हिरासत में लिए गए मोहनजीत सिंह शेरों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फोन पर बात की। संगरूर के सिविल अस्पताल में मोहनजीत सिंह से मुलाकात करने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग ने उनकी राहुल गांधी से फोन पर बात करवाई।

मोहनजीत सिंह ने पुलिस हिरासत के दौरान मारपीट, बाल खींचने और करंट लगाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में अब पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए DSP हरविंदर सिंह का तबादला कर दिया है। इसके अलावा तीन पुलिस अधिकारियों को लाइन हाजिर किया गया है।

CM भगवंत मान के कार्यक्रम में दिखाए थे काले झंडे

जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर को संगरूर के शेरों गांव में मुख्यमंत्री भगवंत मान का लोक मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गांव के ही मोहनजीत सिंह सिद्धू ने अपने घर की छत से मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाना शुरू कर दिया। बताया गया कि मोहनजीत ने करीब 200 मीटर की दूरी से मुख्यमंत्री से सवाल भी पूछे।

पुलिस ने बताया- पहले से दर्ज हैं 8 मामले

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान उसकी तरफ चला गया। इसके बाद CM सिक्योरिटी और स्थानीय पुलिस ने मोहनजीत सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि मोहनजीत सिंह के खिलाफ पहले से 8 मामले दर्ज हैं।

इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसका डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया था। बाद में पंचायत की ओर से गारंटी दिए जाने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

रिहाई के बाद पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

रिहा होने के बाद मोहनजीत सिंह ने पुलिस पर हिरासत के दौरान कथित तौर पर बेरहमी से पीटने, बाल खींचने और करंट लगाने के गंभीर आरोप लगाए।

मोहनजीत ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि DSP ने खुद उसे बिजली के झटके दिए।

राहुल गांधी से फोन पर हुई बातचीत

इसके बाद मोहनजीत सिंह को संगरूर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

कांग्रेस प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग ने संगरूर सिविल अस्पताल पहुंचकर मोहनजीत सिंह से मुलाकात की। इसी दौरान उन्होंने मोहनजीत की फोन पर राहुल गांधी से बातचीत करवाई। बातचीत के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया।

DSP हरविंदर सिंह का तबादला

मामले में पुलिस विभाग की ओर से कार्रवाई की गई। आदेश के अनुसार DSP (सब-डिवीजन सुनाम, संगरूर) हरविंदर सिंह का तबादला कर दिया गया है।

उन्हें मौजूदा पद से हटाकर DSP (1st CDO Bn.), बहादुरगढ़, पटियाला तैनात किया गया है। उन्हें तुरंत अपनी नई पोस्टिंग पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन पुलिस अधिकारी लाइन हाजिर

SSP संगरूर के आदेश के अनुसार तीन पुलिस अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन संगरूर भेज दिया गया है।

इनमें:

इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल, SHO पुलिस स्टेशन सिटी सुनाम

सब-इंस्पेक्टर बलजीत सिंह, SHO पुलिस स्टेशन चीमा

ASI हरप्रीत सिंह, इंचार्ज ZP, सिटी सुनाम नाम शामिल हैं।

आरोपों की जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर

फिलहाल मोहनजीत सिंह की ओर से लगाए गए पुलिस हिरासत में कथित टॉर्चर के आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है। पुलिस अधिकारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है, जबकि पूरे मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हिरासत के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।