Skip to content

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ के फैंस को झटका, दिल्ली में होने वाला शो मुश्किल में; पुलिस ने रोकी मंजूरी

पंजाबी गायक और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली में 30 अक्टूबर को होने वाला उनका कॉन्सर्ट खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ के फैंस को झटका, दिल्ली में होने वाला शो मुश्किल में; पुलिस ने रोकी मंजूरी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Diljit Dosanjh: पंजाबी गायक और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली में 30 अक्टूबर को होने वाला उनका कॉन्सर्ट खटाई में पड़ता नजर आ रहा है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का हवाला देते हुए उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

यह कॉन्सर्ट दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाना था। इस फैसले के बाद कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आयोजक कॉन्सर्ट के लिए नई तारीख मांगेंगे या किसी अन्य स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की कोशिश करेंगे।

बुकमायशो को दिल्ली पुलिस ने भेजा पत्र

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय ने कॉन्सर्ट के आयोजक बुकमायशो को पत्र भेजकर अनुमति नहीं देने के फैसले की जानकारी दी है। पत्र के अनुसार, आयोजक ने 14 अक्टूबर को 30 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी।

यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत

आवेदन की समीक्षा के बाद पुलिस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी देने में असमर्थता जताई। इस फैसले से दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी वजह

दिल्ली पुलिस के अनुसार, त्योहारों के सीजन में राजधानी के संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना जरूरी होता है। ऐसे में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले कॉन्सर्ट के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना थी। इसे देखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों के प्रवेश और निकासी तथा पूरे आयोजन की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजामों की जरूरत होती। पुलिस ने इन्हीं सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार किया है।

दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों को अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार

दिलजीत दोसांझ देश और विदेश में अपने लाइव कॉन्सर्ट के लिए लोकप्रिय हैं। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचते हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाले इस शो को लेकर भी दर्शकों में उत्साह था।

अब सभी की नजर आयोजक बुकमायशो के अगले कदम पर है। फिलहाल नई तारीख, दूसरे वेन्यू या टिकटों से जुड़े किसी बदलाव को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।