डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए जालंधर नॉर्थ के हलका इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने फ्रेंड्स कॉलोनी और वार्ड नंबर 02 के हरगोबिंद नगर में लोक मिलनी की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को सुना। साथ ही इलाके की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
फ्रेंड्स कॉलोनी में आयोजित लोक मिलनी के दौरान मेयर वनीत धीर ने फ्रेंड्स कॉलोनी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली और लोगों के सुझावों पर विचार-विमर्श किया।

इसके बाद उन्होंने हरगोबिंद नगर में भी क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपने इलाके से जुड़ी समस्याएं और जरूरतें उनके सामने रखीं। मेयर ने इन मुद्दों को समझते हुए उनके उचित समाधान के लिए चर्चा की।
लोक मिलनी से जनता को सीधे अपनी बात रखने का अवसर: मेयर
मेयर वनीत धीर ने कहा कि लोक मिलनी का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए जरूरी प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिक अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय लोगों की भागीदारी और उनके सुझाव क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शहर का विकास प्राथमिकता
मेयर वनीत धीर ने कहा कि जनता के साथ सीधा संवाद बनाए रखने से जमीनी स्तर की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है। लोगों की सेवा, बुनियादी सुविधाओं में सुधार और शहर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोक मिलनी के दौरान लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

कई पदाधिकारी और आप नेता रहे मौजूद
इस मौके पर पंजाब एनर्जी जनरेशन लिमिटेड के वाइस चेयरमैन जिम्मी शेखर कालिया, पंजाब खादी बोर्ड के उप चेयरमैन पवन कुमार हंस, सोसायटी चेयरमैन कुलदीप संधर, प्रधान हरजीत सिंह बेदी और महासचिव संदीप जोशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं आम आदमी पार्टी के नेता मौजूद रहे।