Skip to content

Punjab News: चंडीगढ़ में दिनदहाड़े खूनी वारदात, ऑटो पर बरसाईं 3 गोलियां; छाती में गोली लगने से 17 वर्षीय छात्र की मौत

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 वर्षीय छात्र नैतिक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि बाइक सवार नाबालिग ने नैतिक के ऑटो का पीछा किया और उस पर तीन गोलियां चला दीं।

Punjab News: चंडीगढ़ में दिनदहाड़े खूनी वारदात, ऑटो पर बरसाईं 3 गोलियां; छाती में गोली लगने से 17 वर्षीय छात्र की मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 वर्षीय छात्र नैतिक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि बाइक सवार नाबालिग ने नैतिक के ऑटो का पीछा किया और उस पर तीन गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में नैतिक की छाती में गोली लगी, जबकि ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में भी गोली लगी।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए नैतिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद की है। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, मारपीट और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने का विवाद सामने आया है।

स्कूल में शुरू हुई थी रंजिश, पहले भी होता था विवाद

पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, नैतिक सेक्टर-32 स्थित एसडी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। इससे पहले वह सेंट जोसफ स्कूल में पढ़ता था। इसी दौरान उसकी आरोपी के साथ कहासुनी और रंजिश शुरू हो गई थी।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर गाली-गलौज होती थी। दोनों एक-दूसरे के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डालते थे। विवाद बढ़ने के बाद नैतिक के परिजनों ने उसका स्कूल बदलवा दिया था। एक क्लासमेट छात्रा को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

सेक्टर-34 में मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर हुआ वायरल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात से पहले वीरवार शाम सेक्टर-34 में नैतिक और उसका दोस्त आरोपी सौरव के आमने-सामने आ गए थे। आरोप है कि इस दौरान नैतिक और उसके दोस्त ने सौरव की पिटाई की और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।

यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत

वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्तों को बुलाया और नैतिक का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे बाद सेक्टर-22 में फायरिंग की वारदात हुई। पुलिस इस घटनाक्रम और हत्या के बीच संबंध की जांच कर रही है।

सेक्टर-22 में ऑटो पर चलाईं तीन गोलियां

जानकारी के अनुसार, नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठकर सेक्टर-34 से घर लौट रहा था। जब ऑटो सेक्टर-22 में सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचा, तो बाइक सवार आरोपी ने उसका पीछा करते हुए फायरिंग कर दी।

आरोप है कि ऑटो पर तीन गोलियां चलाई गईं। एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में लगी और आगे का शीशा तोड़ते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली नैतिक की छाती में जा लगी। ऑटो में मौजूद उसका दोस्त इस हमले में बाल-बाल बच गया।

गोली लगने के बाद मंदिर की ओर भागा नैतिक

गोली लगने के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर के गेट की ओर भागा और पास में स्थित फूलों की दुकान तक पहुंच गया। वहां मौजूद दुकानदार ने उसे पानी पिलाया और टैक्सी की मदद से अस्पताल पहुंचाने में सहायता की।

अस्पताल में नैतिक का इलाज शुरू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। नैतिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता रामदरबार फेज-2 में लकड़ी का काम करते हैं।

ऑटो चालक ने बताया- नैतिक ने कहा था, गाड़ी तेज भगाओ

घायल ऑटो चालक सिकंदर पासवान के मुताबिक, नैतिक और उसका दोस्त सेक्टर-34 से उसके ऑटो में सवार हुए थे। घर के पास पहुंचने पर नैतिक ने पीछे बाइक पर आ रहे युवकों को देखा और घबराकर ऑटो तेजी से चलाने के लिए कहा।

इसी दौरान पीछे से गोलियां चलने लगीं। एक गोली सिकंदर के कंधे में लगी और ऑटो का अगला शीशा टूट गया। फायरिंग के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर मंदिर की ओर भागा। घायल सिकंदर का इलाज चंडीगढ़ के जीएमएसएच-16 में चल रहा है।

डैशकैम फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। मंदिर के गेट से फूलों की दुकान तक सड़क और फर्श पर खून के निशान मिले। बाद में पुलिस ने इलाके को घेरकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्टेशन-17 के एसएसओ सुदेश कुमार के मुताबिक, पुराने विवाद के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

ऑपरेशन सेल ने एक कार के डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई है।

पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया विवाद की जांच जारी

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो और फायरिंग से पहले की घटनाओं को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

नैतिक का शव अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायल ऑटो चालक का इलाज जारी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।