Skip to content

Punjab News: शहर के मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या, बर्थडे पार्टी में हुआ था विवाद

लुधियाना में मशहूर पंडित जी के छोले-कुलचे वाले के बेटे राहुल शर्मा की बर्थडे पार्टी में विवाद के बाद गोली मारकर हत्या। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Punjab News: शहर के मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या, बर्थडे पार्टी में हुआ था विवाद
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab Ludhiana Murder Case: पंजाब के लुधियाना में दोस्तों की बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मशहूर पंडित जी के छोले-कुलचे वाले परिवार के 34 वर्षीय राहुल शर्मा की दो गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पंजाब के लुधियाना में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के मशहूर पंडित जी के छोले-कुलचे वाले परिवार के बेटे राहुल शर्मा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि राहुल बुधवार रात अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था। वहां केक काटने के दौरान कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।

दोस्त के घर बर्थडे पार्टी में हुआ विवाद

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर राहुल पर फायरिंग कर दी। राहुल को दो गोलियां लगीं। एक गोली उसकी छाती और दूसरी पीठ पर लगी। गंभीर रूप से घायल राहुल को DMC अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, राहुल शर्मा बुधवार रात पक्खोवाल रोड स्थित तलवार कॉलोनी में अखिल जोशी के घर आयोजित बर्थडे पार्टी में गया था। पार्टी में करीब 8 से 10 युवक मौजूद थे। इसी दौरान केक काटने के समय राहुल की कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

राहुल पर गोलियां चला दी

आरोप है कि झगड़े के दौरान युवकों ने पिस्टल निकालकर राहुल पर दो गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद पार्टी में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहुल को इलाज के लिए DMC अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

राहुल के परिवार को उसके दोस्तों के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। बताया गया कि राहुल के साले को फोन करके कहा गया कि उसे गोली लगी है और वह DMC अस्पताल में भर्ती है। परिवार के सदस्य तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत

परिजनों के मुताबिक, उन्हें रात करीब साढ़े 12 बजे गोली लगने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि राहुल ने रात 11:55 बजे दम तोड़ दिया था। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।

आठ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने राहुल शर्मा के जीजा पीयूष शर्मा के बयान के आधार पर थाना सदर में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में अखिल जोशी, परमराज, गगनदीप सहित अन्य युवक शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस को राहुल की स्कॉर्पियो गाड़ी भी मिल गई है, जिसमें वह घर से पार्टी में शामिल होने के लिए निकला था। मामले में घटनास्थल और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है।

पुरानी रंजिश का पता नहीं चला

लुधियाना के DCP (सिटी) आलम विजय सिंह के अनुसार, पुलिस को ललतों चौकी क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि पार्टी के दौरान बहस के बाद फायरिंग की गई। फिलहाल किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। इनमें CIA और थाना सदर की टीमें भी शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

1950 के बाद से मशहूर हैं पंडित जी के छोले-कुलचे

राहुल शर्मा का परिवार लुधियाना में अपने पारंपरिक छोले-कुलचे के लिए जाना जाता है। फाउंटेन चौक के पास सिमेट्री रोड पर स्थित पंडित जी के छोले-कुलचे शहर के पुराने और लोकप्रिय स्ट्रीट फूड काउंटर्स में गिने जाते हैं।

परिवार के बुजुर्ग खुशी राम शर्मा ने इस काम की शुरुआत की थी। इसके बाद पंडित कुलदीप शर्मा और परिवार की अगली पीढ़ी ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। बताया जाता है कि यह दुकान 1950 के बाद से संचालित हो रही है।

छोलों ने शहर में अलग पहचान

इस परिवार के छोले बनाने का तरीका भी खास है। यहां बिना तेल और तड़के के छोले बनाए जाते हैं। इनमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल भी नहीं किया जाता। पंजाब और हिमाचल के जायके के मेल से तैयार इन छोलों ने शहर में अलग पहचान बनाई है।

राहुल की हत्या से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि पार्टी में विवाद किस बात को लेकर हुआ और फायरिंग करने वाले आरोपियों को कब तक गिरफ्तार किया जा सकता है।