डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में आज सुबह एक कबाड़ की दुकान में हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, लुधियाना (Ludhiana) की ये घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। धमाके के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय चंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 60 वर्षीय बाबा फूल पासवान का इलाज जारी है और वह फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

CCTV पूरी घटना कैद
पुलिस को घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें धमाके की पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकान में काम कर रहे दो कर्मचारी स्क्रैप निकालने के लिए आग जला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कोई अज्ञात वस्तु आग में फेंकी, जिसके गिरते ही जोरदार विस्फोट हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
घटना की सूचना मिलते ही लाडोवाल थाना के एसएचओ अमृतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









